

स्थान : हरिद्वार
ब्यूरो रिपोर्ट


हरिद्वार में चारधाम यात्रा 2026 को सुगम और श्रद्धालुओं के लिए सुविधाजनक बनाने की दिशा में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (एआरटीओ) निखिल शर्मा की पहल चर्चा का विषय बनी हुई है। ग्रीन कार्ड बनवाने आने वाले वाहन चालकों और श्रद्धालुओं को अब लंबी प्रतीक्षा में परेशान नहीं होना पड़ेगा।


निखिल शर्मा के निर्देशन में परिवहन कार्यालय परिसर में विशेष एसी वेटिंग हॉल तैयार किया गया है, जहां यात्रियों के लिए बैठने की आरामदायक व्यवस्था की गई है। साथ ही टीवी, शुद्ध पेयजल और स्वच्छ शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं।


कार्यालय परिसर में श्रद्धालुओं की सहायता के लिए एक विशेष हेल्प डेस्क भी स्थापित की गई है। यहां तैनात कर्मचारी वाहन चालकों और यात्रियों को ग्रीन कार्ड प्रक्रिया की पूरी जानकारी देकर उनकी मदद कर रहे हैं, जिससे लोगों को बार-बार दफ्तर के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं।


इसके साथ ही तकनीक का उपयोग करते हुए परिसर में क्यूआर कोड भी लगाए गए हैं, जिनके माध्यम से वाहन चालक सीधे ऑनलाइन पोर्टल पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। इससे पूरी प्रक्रिया पहले की तुलना में अधिक सरल और पारदर्शी हो गई है।

अधिकारियों का कहना है कि इस पहल से चारधाम यात्रा के दौरान बढ़ने वाले दबाव को कम करने में मदद मिलेगी और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराई जा सकेगी।

श्रद्धालुओं ने भी इस व्यवस्था की सराहना करते हुए कहा कि अब ग्रीन कार्ड बनवाने की प्रक्रिया आसान और समय बचाने वाली हो गई है। प्रशासन की यह पहल यात्रियों के लिए बड़ी राहत साबित हो रही है।



