चंपावत में डीएम ने खेत में उतरकर कराया क्रॉप कटिंग प्रयोग, महिला कृषकों से किया संवाद

चंपावत में डीएम ने खेत में उतरकर कराया क्रॉप कटिंग प्रयोग, महिला कृषकों से किया संवाद

स्थान : चंपावत
ब्यूरो रिपोर्ट

चंपावत के तहसील अंतर्गत ग्राम कनलगांव में गुरुवार को जिलाधिकारी मनीष कुमार ने स्वयं खेत में उतरकर गेहूं की फसल का क्रॉप कटिंग प्रयोग संपन्न कराया। इस दौरान प्रशासनिक और कृषि विभाग की टीम भी मौके पर मौजूद रही।

मनीष कुमार ने कृषक सुभाष तडागी के खेत में पहुंचकर महिला कृषकों के साथ मिलकर गेहूं की कटाई की और उनके कार्य में सहभागिता दिखाई। इस दौरान उन्होंने खेत में कार्य कर रही महिलाओं से संवाद कर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी ली।

जिलाधिकारी ने मौके पर मुख्य कृषि अधिकारी को निर्देश दिए कि महिला कृषकों को कृषि कार्यों में सुविधा देने के लिए पावर टीलर सहित आधुनिक कृषि यंत्र उपलब्ध कराए जाएं, ताकि खेती को अधिक सरल और उत्पादक बनाया जा सके।

कृषि एवं सांख्यिकी विभाग की निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार खेत में 30-30 वर्ग मीटर के दो प्लॉट चयनित किए गए, जिन पर क्रॉप कटिंग प्रयोग किया गया। प्रथम प्लॉट से 13 किलो 900 ग्राम तथा दूसरे प्लॉट से 12 किलो 400 ग्राम गेहूं की उपज प्राप्त हुई।

प्राप्त उपज में से प्रथम प्लॉट से 5 किलोग्राम गेहूं की बालियों के नमूने सुरक्षित रखे गए हैं, जिन्हें वैज्ञानिक प्रक्रिया के तहत 15 दिनों तक सुखाने के बाद पुनः तौला जाएगा, ताकि वास्तविक उपज का सटीक आंकलन किया जा सके।

जिलाधिकारी ने कहा कि क्रॉप कटिंग प्रयोगों के माध्यम से ही विभिन्न फसलों की औसत उपज, उत्पादन और उत्पादकता का निर्धारण किया जाता है, जो कृषि योजनाओं के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण डेटा तैयार करता है।

उन्होंने बताया कि यह प्रक्रिया प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना सहित अन्य कृषि योजनाओं के लिए विश्वसनीय डाटा बेस तैयार करने में अहम भूमिका निभाती है, जिससे किसानों को लाभ देने में सहायता मिलती है।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कृषक सुभाष तडागी से बीज, उर्वरक, सिंचाई व्यवस्था और कीटनाशकों के उपयोग की जानकारी भी प्राप्त की। इस अवसर पर मुख्य कृषि अधिकारी धनपत कुमार, अपर सांख्यिकी अधिकारी जुगल किशोर पांडे सहित कृषि, राजस्व एवं सांख्यिकी विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और ग्रामीण मौजूद रहे।