

स्थान : हल्द्वानी
ब्यूरो रिपोर्ट


हल्द्वानी में आईपीएल मैचों के दौरान सट्टेबाजी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत की गई।


जानकारी के अनुसार मुखानी थाना पुलिस और SOG टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए मधुबन कॉलोनी स्थित एस मोड़ के पास एक खाली प्लॉट में छापा मारा। इस दौरान तीनों आरोपी IPL मैचों पर सट्टा लगाते हुए रंगे हाथ पकड़े गए।

पुलिस ने मौके से 06 मोबाइल फोन, एक रजिस्टर, एक पेन और ₹51,100 नकद बरामद किए हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ थाना मुखानी में FIR संख्या 62/26 के तहत धारा 13 G Act में मुकदमा दर्ज किया गया है।

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी प्रतिदिन लगभग 7 से 8 लाख रुपये तक का सट्टा संचालित करते थे और अब तक करीब ₹3.50 करोड़ रुपये का अवैध सट्टा कारोबार किया जा चुका था।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रवि गुप्ता निवासी दुर्गा कॉलोनी बनभूलपुरा, रोहित गुप्ता निवासी दुर्गा कॉलोनी बनभूलपुरा और मोहित प्रसाद निवासी नारायण नगर विक्टोरिया नंबर-1 मुखानी के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार आरोपी रवि गुप्ता का आपराधिक इतिहास भी रहा है, जिसके खिलाफ पहले भी आबकारी अधिनियम, जुआ अधिनियम और NDPS एक्ट के तहत कई मामले दर्ज हैं।


इस कार्रवाई में उप निरीक्षक वीरेंद्र चंद, हेड कांस्टेबल कुंदन कठायत, त्रिलोक रौतेला सहित SOG और मुखानी पुलिस की संयुक्त टीम शामिल रही।

