कालाढूंगी में ‘नगर के नायक सम्मान समारोह’ का भव्य आयोजन, समाजसेवियों को किया गया सम्मानित

कालाढूंगी में ‘नगर के नायक सम्मान समारोह’ का भव्य आयोजन, समाजसेवियों को किया गया सम्मानित

स्थान : कालाढूंगी
ब्यूरो रिपोर्ट

कालाढूंगी विधानसभा के अंतर्गत हल्द्वानी नगर के मुखानी मंडल स्थित वार्ड संख्या 52 (जज फार्म) में “नगर के नायक सम्मान समारोह” का भव्य आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम भाजपा नेता मनोज पाठक के नेतृत्व में आयोजित किया गया, जिसमें समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों को सम्मानित किया गया।

इस कार्यक्रम में आशा कार्यकर्ता, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं, मेरी बेनी सेना की बहनें, सेवानिवृत्त वीर सैनिक, स्वच्छता कर्मी, पुजारीगण और शिक्षक वर्ग को उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया। आयोजन का उद्देश्य समाज के उन लोगों को मंच देना था, जो निस्वार्थ भाव से सेवा कार्य कर समाज को सशक्त बना रहे हैं।

भाजपा नेता मनोज पाठक ने कहा कि समाज के वास्तविक नायक वे हैं, जो बिना किसी स्वार्थ के समाज सेवा में अपना योगदान देते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे सम्मान समारोह समाज में सकारात्मक सोच और नई पीढ़ी को प्रेरणा देने का कार्य करते हैं।

उन्होंने आगे कहा कि “नगर के नायक सम्मान समारोह” का उद्देश्य समाज के प्रेरणास्रोत व्यक्तित्वों को पहचान देना और उनके कार्यों को सम्मानित करना है, ताकि समाज में सेवा भाव को और मजबूती मिल सके।

कार्यक्रम में विकास एवं पर्यावरण सुरक्षा समिति के अध्यक्ष बिसंबर कांडपाल ने कहा कि मनोज पाठक द्वारा लंबे समय से जनहित में किए जा रहे कार्य सराहनीय हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज को जोड़ने और सकारात्मक दिशा देने का कार्य करते हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि इस तरह के कार्यक्रम क्षेत्र में नई ऊर्जा और सामाजिक एकता को बढ़ावा देते हैं।

कार्यक्रम में उपस्थित अन्य वक्ताओं ने भी मनोज पाठक के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि वे लगातार समाज के विभिन्न वर्गों को जोड़ने और जनहित कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।

इस अवसर पर भूवन पांडे, पी.सी. पंत, पूरन चंद्र जोशी, नारायण सिंह किरोला, हेम अवस्थी, भगवन्त सिंह बिष्ट, कुलदीप पांडे, किरन बिष्ट, गीता कांडपाल, कमल रौतेला, तनुजा टकवाल सहित सैकड़ों स्थानीय नागरिक, मातृशक्ति, युवा एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।

कार्यक्रम का समापन सम्मानित व्यक्तियों के प्रति आभार और समाज सेवा के संकल्प के साथ किया गया।