पौड़ी में RPI ने तेज की चुनावी तैयारी, 2027 विधानसभा चुनाव पर फोकस

पौड़ी में RPI ने तेज की चुनावी तैयारी, 2027 विधानसभा चुनाव पर फोकस

स्थान : पौड़ी
ब्यूरो रिपोर्ट

रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (RPI) ने संगठन विस्तार और आगामी विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों को लेकर जिला पौड़ी में अपनी सक्रियता तेज कर दी है। पार्टी ने सामाजिक, राजनीतिक संगठनों और विभिन्न एनजीओ में कार्यरत युवाओं से राजनीति के माध्यम से समाज सेवा के उद्देश्य से जुड़ने की अपील की है।

इस कड़ी में सतपुली स्थित चौहान होटल में जिलाध्यक्ष सोनू कुमार के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों का संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया और पार्टी की संविधानवादी एवं समाजवादी विचारधारा से प्रभावित होकर सदस्यता ग्रहण की।

बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। पार्टी पदाधिकारियों ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की रणनीति पर भी विचार किया।

जिलाध्यक्ष सोनू कुमार ने बताया कि जिले की छह विधानसभा सीटों के लिए संभावित प्रत्याशियों के नामों का चयन किया गया है। इनमें चौबट्टाखाल से डॉ. विजेन्द्र सिंह, लैंसडाउन से मधुवंतिका, पौड़ी से सोनू कुमार, श्रीनगर से कमलेश्वर सिंह तथा यमकेश्वर से एडवोकेट चंद्रमोहन सिंह के नाम शामिल हैं।

पार्टी के अनुसार इन सभी नामों को अंतिम स्वीकृति के लिए राष्ट्रीय अध्यक्ष के पास भेजा जाएगा, जिसके बाद आधिकारिक घोषणा की जाएगी।

सोनू कुमार ने कहा कि पार्टी का उद्देश्य युवाओं को राजनीति में सक्रिय भूमिका देकर समाज में बदलाव लाना है। उन्होंने दावा किया कि संगठन जमीनी स्तर पर मजबूत हो रहा है और आने वाले चुनाव में मजबूत उपस्थिति दर्ज करेगा।