खटीमा में मामूली विवाद बना खूनी संघर्ष, युवक की मौत, मां गंभीर

खटीमा में मामूली विवाद बना खूनी संघर्ष, युवक की मौत, मां गंभीर

स्थान : खटीमा
रिपोर्ट : अशोक सरकार

खटीमा से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां बिजली का मीटर लगाने जैसे मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और एक युवक की जान चली गई।

जानकारी के अनुसार, पारिवारिक विवाद के दौरान चाचा और भतीजे के परिवार के बीच बिजली का मीटर लगाने को लेकर कहासुनी शुरू हुई थी। देखते ही देखते यह कहासुनी इतनी बढ़ गई कि मामला लाठी-डंडों और धारदार हथियारों तक पहुंच गया।

इस हिंसक झड़प में विवेक कुमार नामक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया।

वहीं, बीच-बचाव करने पहुंची मृतक की मां पर भी जानलेवा हमला किया गया, जिससे उनकी हालत बेहद गंभीर हो गई है। उन्हें बरेली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां वे जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रही हैं।

घटना के बाद पीड़ित परिवार और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला। न्याय की मांग को लेकर बड़ी संख्या में लोग एकजुट हुए।

वेंडर जोन एसोसिएशन के अध्यक्ष आरिफ अंसारी के नेतृत्व में दर्जनों लोग तहसील पहुंचे और प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने मुख्यमंत्री राहत कोष से पीड़ित परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता देने की मांग की।

आरिफ अंसारी ने कहा कि एक मामूली मीटर विवाद में विवेक की जान चली गई और उनकी मां गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती हैं। उन्होंने मांग की कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो और पीड़ित परिवार को शीघ्र आर्थिक सहायता दी जाए।

वहीं तहसीलदार वीरेंद्र सजवान ने बताया कि पीड़ित पक्ष द्वारा दिया गया ज्ञापन प्राप्त कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए इसे आवश्यक कार्रवाई के लिए मुख्यमंत्री राहत कोष को संस्तुति के साथ भेजा जाएगा।

इस घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है और लोग प्रशासन से जल्द न्याय की मांग कर रहे हैं।