

स्थान : बाजपुर
रिपोर्टर : विशेष शर्मा


बाजपुर। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय बाजपुर में आयोजित छात्रसंघ एवं वार्षिक कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक एवं नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे। उनके आगमन पर छात्रसंघ अध्यक्ष महेंद्र सिंह बोरा के नेतृत्व में पूरे छात्रसंघ और छात्र-छात्राओं ने फूलमालाओं एवं ढोल-नगाड़ों के साथ उनका भव्य स्वागत किया।


कार्यक्रम की शुरुआत माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ की गई। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर विभेष कुमार सिंह की अध्यक्षता में कार्यक्रम का शुभारंभ गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ।


कार्यक्रम के दौरान विधायक निधि से ₹6 लाख की लागत से निर्मित कॉलेज पार्किंग का लोकार्पण नारियल फोड़कर किया गया। इस दौरान कॉलेज परिसर में उत्साह का माहौल देखने को मिला और छात्र-छात्राओं ने कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी की।


अपने संबोधन में यशपाल आर्य ने कॉलेज और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की बात कही। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण पर जोर देते हुए “पानी बचाओ, पेड़ लगाओ” का संदेश दिया और छात्रों को प्रेरित किया।

उन्होंने आगे कहा कि उनका सपना है कि बाजपुर क्षेत्र में शिक्षा का व्यापक विकास हो, जिसके तहत जीएनएम कॉलेज, आईटीआई, पॉलिटेक्निक और एकलव्य विद्यालय जैसी शैक्षणिक संस्थाओं को मजबूत किया जाएगा।


कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों, एनएसएस, एनसीसी, युवा संसद, खेलकूद एवं इतिहास विभाग से यूजीसी-नेट परीक्षा उत्तीर्ण छात्रों को सम्मानित किया गया। साथ ही सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया।



छात्राओं द्वारा बुक्सा नृत्य, “बेड़ू पाको बारामासा”, “चेत की चेतवाल”, पहाड़ी गीत, पंजाबी डांस और गुजराती गरबा जैसी प्रस्तुतियां दी गईं। इतिहास के गौरवशाली चरित्रों और शक्तिशाली महिलाओं पर आधारित प्रस्तुति भी विशेष आकर्षण रही।

कार्यक्रम के अंत में छात्रसंघ अध्यक्ष महेंद्र सिंह बोरा ने कॉलेज में पुस्तकालय विस्तार एवं अर्थशास्त्र, गृहविज्ञान, शिक्षाशास्त्र व भूगोल जैसे विषयों की मांग रखी, जिस पर विधायक ने सकारात्मक आश्वासन दिया। कार्यक्रम में कई जनप्रतिनिधि, प्राध्यापक एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

