

स्थान : जसपुर
ब्यूरो रिपोर्ट


जसपुर देशभर में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में हुई बढ़ोतरी को लेकर विपक्ष का विरोध तेज हो गया है। इसी क्रम में उत्तराखंड के जसपुर से कांग्रेस विधायक आदेश चौहान ने केंद्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए प्रेस कॉन्फ्रेंस की और महंगाई को लेकर गंभीर सवाल उठाए।


प्रेसवार्ता के दौरान विधायक आदेश चौहान ने कहा कि सरकार लगातार आम जनता पर आर्थिक बोझ डाल रही है। उन्होंने दावा किया कि पहले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दामों में भारी बढ़ोतरी की गई, जिससे आम जीवन पर सीधा असर पड़ा है।

उन्होंने बताया कि 19 किलो के कमर्शियल सिलेंडर की कीमत पहले ₹1,987 थी, जो बढ़कर ₹3,178 तक पहुंच गई है। उनका कहना था कि इसका असर खाद्य पदार्थों की कीमतों पर भी पड़ेगा और महंगाई और बढ़ेगी।

कांग्रेस विधायक ने आरोप लगाया कि चुनावी दौर में कीमतें स्थिर रखी जाती हैं, जबकि चुनाव समाप्त होते ही पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ा दिए जाते हैं, जिससे आम जनता प्रभावित होती है।
उन्होंने यह भी कहा कि सरकार किसानों के लिए जो नीतियां बता रही है, वे व्यवहारिक नहीं हैं और कृषि लागत लगातार बढ़ती जा रही है।

प्रेसवार्ता में आदेश चौहान ने नीट-यूजी पेपर लीक मामले पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि इस मामले में अभी तक कोई बड़ी कार्रवाई या गिरफ्तारी सामने नहीं आई है, जिससे छात्रों में असंतोष है।


उन्होंने केंद्र सरकार को किसान विरोधी, युवा विरोधी और आम जनता के हितों के खिलाफ काम करने वाली सरकार बताया।
विधायक ने आगे कहा कि महंगाई का सीधा असर आम नागरिक की रसोई पर पड़ रहा है और घरेलू बजट पूरी तरह बिगड़ता जा रहा है।
अंत में उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मांग की कि यदि सरकार जनता की अपेक्षाओं पर खरा नहीं उतर पा रही है तो उन्हें नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए निर्णय लेना चाहिए।
फिलहाल इस बयान के बाद राजनीतिक माहौल एक बार फिर गरमा गया है और दोनों पक्षों में आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं।

