उत्तराखंड में पेट्रोल-डीजल के दामों में बढ़ोतरी, आम जनता पर बढ़ा बोझ

उत्तराखंड में पेट्रोल-डीजल के दामों में बढ़ोतरी, आम जनता पर बढ़ा बोझ

स्थान : देहरादून
ब्यूरो रिपोर्ट

देहरादून देशभर में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में लगातार उतार-चढ़ाव के बीच उत्तराखंड में भी ईंधन के दामों में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। बढ़े हुए दामों से आम जनता की जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है।

राज्य में पेट्रोल की कीमत बढ़कर ₹96.23 प्रति लीटर पहुंच गई है, जबकि बीते दिन यह ₹93.51 प्रति लीटर थी। इसी तरह एक्स्ट्रा प्रीमियम पेट्रोल की कीमत में भी वृद्धि देखी गई है।

जानकारी के अनुसार, बीते दिन एक्स्ट्रा प्रीमियम पेट्रोल ₹101.75 प्रति लीटर था, जो आज बढ़कर ₹104.69 प्रति लीटर हो गया है। डीजल के दामों में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

डीजल की कीमत बीते दिन ₹88.34 प्रति लीटर थी, जो अब बढ़कर ₹91.35 प्रति लीटर हो गई है। इस तरह डीजल में लगभग ₹3 प्रति लीटर की बढ़ोतरी हुई है।

वहीं पेट्रोल की सामान्य श्रेणी में करीब ₹2.72 प्रति लीटर की वृद्धि देखने को मिली है, जबकि एक्स्ट्रा प्रीमियम पेट्रोल में लगभग ₹3 प्रति लीटर की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

लगातार बढ़ते ईंधन दामों से परिवहन, सामान ढुलाई और दैनिक जरूरतों की लागत पर असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है।

इस मुद्दे पर देहरादून पेट्रोल पंप संगठन के अध्यक्ष आशीष मित्तल ने कहा कि पेट्रोल और डीजल की कीमतों को लेकर जनता में किसी तरह की घबराहट की जरूरत नहीं है।

उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव का असर भारत पर भी पड़ता है, लेकिन सरकार की कोशिश रहती है कि उपभोक्ताओं को उचित दरों पर ईंधन उपलब्ध कराया जाए।

आशीष मित्तल ने यह भी कहा कि अन्य देशों की तुलना में भारत में अभी भी ईंधन की कीमतें अपेक्षाकृत संतुलित हैं, इसलिए इस स्थिति में सरकार का सहयोग करना चाहिए।

फिलहाल बढ़ी हुई कीमतों को लेकर आम लोगों में चर्चा जारी है, जबकि परिवहन क्षेत्र पर इसके असर को लेकर भी चिंताएं सामने आ रही हैं।