नीट पेपर लीक विवाद पर रुद्रपुर में कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन, सरकार पर निशाना

नीट पेपर लीक विवाद पर रुद्रपुर में कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन, सरकार पर निशाना

स्थान : रुद्रपुर
ब्यूरो रिपोर्ट

रुद्रपुर नीट परीक्षा में कथित पेपर लीक और परीक्षा व्यवस्था को लेकर बढ़ते विवाद के बीच विपक्ष लगातार सरकार को घेर रहा है। परीक्षा रद्द होने के बाद देशभर में राजनीतिक माहौल गरमा गया है और युवाओं में भी नाराजगी देखी जा रही है।

इसी कड़ी में रुद्रपुर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। इससे पहले जहां कार्यकर्ताओं ने सरकार का पुतला दहन किया था, वहीं शुक्रवार को भगत सिंह चौक पर 80 फीट से अधिक लंबा काला झंडा लेकर प्रदर्शन किया गया।

प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे और उन्होंने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं ने परीक्षा प्रणाली में लगातार हो रही गड़बड़ियों को लेकर सरकार से जवाबदेही की मांग की।

इस मौके पर कांग्रेस नेताओं ने सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि नीट जैसी महत्वपूर्ण परीक्षा बार-बार लीक हो रही है, जो पूरी व्यवस्था की विफलता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि इससे मेहनती छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है और उनका मनोबल टूट रहा है।

कांग्रेस नेताओं ने सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि “10 रुपये का डायपर लीक नहीं होता, लेकिन नीट परीक्षा का पेपर बार-बार लीक हो रहा है,” जो सरकार की कार्यप्रणाली पर बड़ा सवाल है।

प्रदर्शनकारियों का कहना था कि सरकार को युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ नहीं करना चाहिए और परीक्षा प्रणाली में तुरंत सुधार करना चाहिए।

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि लगातार हो रही अनियमितताओं के बावजूद जिम्मेदार संस्थाएं कार्रवाई करने में विफल साबित हो रही हैं। उन्होंने कहा कि यदि जल्द सुधार नहीं किया गया तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार से इस्तीफे की भी मांग की और परीक्षा प्रणाली की निष्पक्षता सुनिश्चित करने की अपील की।