नीट पेपर लीक पर कांग्रेस का केंद्र सरकार और NTA पर हमला, जांच की मांग तेज

नीट पेपर लीक पर कांग्रेस का केंद्र सरकार और NTA पर हमला, जांच की मांग तेज

स्थान : देहरादून
ब्यूरो रिपोर्ट

देहरादून नीट परीक्षा में कथित पेपर लीक मामले को लेकर कांग्रेस ने केंद्र सरकार और नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) पर गंभीर सवाल उठाए हैं। देहरादून स्थित कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता आलोक शर्मा ने इस पूरे मामले पर केंद्र सरकार को कठघरे में खड़ा किया।

प्रेस वार्ता में आलोक शर्मा ने कहा कि एनटीए लगातार बड़ी परीक्षाएं आयोजित करने में विफल साबित हो रही है, इसके बावजूद उसे महत्वपूर्ण परीक्षाओं की जिम्मेदारी दी जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि परीक्षा प्रणाली में लगातार खामियां सामने आ रही हैं, जिससे लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है।

कांग्रेस ने इस पूरे मामले की सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में सीबीआई जांच कराने की मांग की है। साथ ही पार्टी ने नेशनल टेस्टिंग एजेंसी के वित्तीय ऑडिट की भी मांग उठाई है।

प्रवक्ता ने कहा कि एनटीए की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं और इसे पूरी तरह से पुनर्गठित या समाप्त करने पर भी विचार किया जाना चाहिए।

उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की भी मांग की। कांग्रेस का कहना है कि जब तक जिम्मेदारी तय नहीं होगी, तब तक परीक्षा प्रणाली में सुधार संभव नहीं है।

आलोक शर्मा ने आरोप लगाया कि एनटीए में भाजपा और आरएसएस से जुड़े लोगों की भूमिका रही है, जिससे इसकी निष्पक्षता पर सवाल उठते हैं। उन्होंने कहा कि लगातार परीक्षा प्रक्रियाओं में गड़बड़ियां छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ हैं।

कांग्रेस ने मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में सीबीआई से कराई जाए, ताकि सच्चाई सामने आ सके और दोषियों पर कार्रवाई हो सके।

फिलहाल यह मुद्दा राजनीतिक रूप से गरमा गया है और परीक्षा प्रणाली की पारदर्शिता को लेकर देशभर में बहस तेज हो गई है।