

स्थान : ऋषिकेश
ब्यूरो रिपोर्ट


ऋषिकेश आईडीपीएल क्षेत्र में उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया जब एक दांत वाला जंगली हाथी अचानक आबादी वाले इलाके में घुस आया। सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों ने जैसे ही हाथी को देखा, क्षेत्र में भगदड़ मच गई और लोग जान बचाने के लिए सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हाथी काफी देर तक क्षेत्र में घूमता रहा, जिससे स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल बना रहा। कई लोगों ने तुरंत इसकी सूचना वन विभाग को दी।


सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और हाथी की निगरानी शुरू की। इस दौरान हाथी एम्स रोड की ओर बढ़ने लगा, जिसके चलते सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन ने कुछ समय के लिए एम्स रोड पर यातायात रोक दिया।


यातायात बंद होने से वाहन चालकों को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और लोग स्थिति सामान्य होने का इंतजार करते रहे।
वन विभाग की टीम ने घंटों की मशक्कत के बाद हाथी को आबादी क्षेत्र से बाहर निकालने का प्रयास किया। लगातार प्रयासों के बाद टीम को हाथी को जंगल की ओर खदेड़ने में सफलता मिली।

राहत की बात यह रही कि इस पूरी घटना में किसी व्यक्ति के घायल होने या किसी प्रकार के बड़े नुकसान की सूचना नहीं है।


वन विभाग ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे सतर्क रहें और जंगली हाथी के करीब जाने या उसे उकसाने की कोशिश न करें।
अधिकारियों का कहना है कि जंगलों से सटे क्षेत्रों में वन्यजीवों की गतिविधियां बढ़ रही हैं, इसलिए लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।

