

स्थान : अल्मोड़ा
रिपोर्टर : संजय जोशी


अल्मोड़ा “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” अभियान के तहत आयोजित शिविरों में आधार संबंधी कार्यों के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ने के कारण कई लोग सेवाओं का पूरा लाभ नहीं उठा पाए। इसके बाद अलग से आधार कैंप आयोजित करने की मांग लगातार उठ रही थी।


आम जनता की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने जनपद के चयनित क्षेत्रों में विशेष आधार कैंप आयोजित किए जाने के निर्देश जारी किए हैं।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार विकासखंड द्वाराहाट के पंचायत भवन, ईड़ा में 20 और 21 मई 2026 को विशेष आधार कैंप लगाया जाएगा। इस शिविर में क्षेत्रीय नागरिक आधार से संबंधित विभिन्न कार्य करा सकेंगे।

इसके अलावा विकासखंड ताड़ीखेत के प्राथमिक पाठशाला टूनाकोट में 28 मई 2026 को आधार कैंप आयोजित किया जाएगा, जहां स्थानीय लोगों को आधार अपडेट और अन्य सेवाओं का लाभ मिलेगा।
जिलाधिकारी ने नामित नोडल अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि संबंधित स्थानों पर प्रातः 11 बजे से शिविर आयोजित कराए जाएं और सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित की जाएं।

प्रशासन का कहना है कि शिविरों में आधार कार्ड से जुड़े सुधार, अपडेट और अन्य आवश्यक कार्य किए जाएंगे, जिससे लोगों को दूर-दराज के कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।


डीएम अंशुल सिंह ने क्षेत्रीय जनता से अधिक से अधिक संख्या में शिविरों में पहुंचकर आधार संबंधी कार्यों का लाभ उठाने की अपील की है।
उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य सरकारी सेवाओं को आम जनता तक सरल और सुगम तरीके से पहुंचाना है, ताकि लोगों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।

