

स्थान : खटीमा
रिपोर्टर : अशोक सरकार


खटीमा उधम सिंह नगर जिले के खटीमा स्थित राजकीय आदर्श प्राथमिक विद्यालय चंदेली थारू पट्टी में शुक्रवार का दिन बेहद खास और ऐतिहासिक बन गया। विद्यालय के तीन होनहार छात्र-छात्राओं ने अपनी मेहनत और लगन के बल पर एकल विद्यालय की चयन परीक्षा उत्तीर्ण कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है।


ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों की इस उपलब्धि ने यह साबित कर दिया कि प्रतिभा संसाधनों की मोहताज नहीं होती। जैसे ही बच्चों के चयन की खबर गांव में पहुंची, पूरे क्षेत्र में खुशी और उत्साह का माहौल बन गया।


विद्यालय के समर्पित शिक्षकों द्वारा स्कूल परिसर में बच्चों के सम्मान में विदाई समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान बच्चों को फूल-मालाएं पहनाई गईं, तिलक लगाया गया और मिठाई खिलाकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।


समारोह में कई भावुक पल भी देखने को मिले। बच्चों के माता-पिता की आंखों में खुशी के आंसू थे, जबकि शिक्षक अपने छात्रों की सफलता पर गर्व महसूस करते नजर आए।

ग्रामीणों ने विद्यालय के शिक्षकों की मेहनत और समर्पण की खुलकर सराहना की। उनका कहना था कि शिक्षकों के सही मार्गदर्शन और बच्चों की कठिन मेहनत के कारण ही आज चंदेली थारू पट्टी का नाम पूरे जिले में सम्मान के साथ लिया जा रहा है।

विद्यालय के प्रधानाचार्य ईश्वर चंद मौर्य ने कहा कि विद्यालय के इन तीन बच्चों ने जो सफलता हासिल की है, उससे पूरे क्षेत्र का सिर गर्व से ऊंचा हो गया है। उन्होंने कहा कि यह विदाई समारोह बच्चों के नए सफर की शुरुआत है और उन्हें विश्वास है कि ये छात्र आगे चलकर देश का नाम रोशन करेंगे।


इस मौके पर बच्चों के अभिभावक भी भावुक नजर आए। उन्होंने बताया कि वे बेहद साधारण और गरीब परिवार से हैं तथा कभी कल्पना भी नहीं की थी कि उनके बच्चे इतनी बड़ी उपलब्धि हासिल करेंगे।
पूर्व प्रधान पति राजवीर सिंह ने कहा कि स्कूल के गुरुजनों ने बच्चों के लिए दिन-रात मेहनत की है, जिसका परिणाम शुक्रवार सभी के सामने है। उन्होंने इसे पूरे गांव के लिए गर्व का क्षण बताया।
राजकीय आदर्श प्राथमिक विद्यालय चंदेली थारू पट्टी के इन बच्चों ने यह साबित कर दिया है कि यदि लक्ष्य बड़ा हो और मेहनत सच्ची हो तो सीमित संसाधनों के बावजूद सफलता हासिल की जा सकती है।

