

स्थान : लालकुआँ
रिपोर्टर : मुन्ना अंसारी


लालकुआँ तहसील दिवस के अवसर पर लालकुआँ तहसील में जनसमस्याओं के समाधान के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने लोगों की समस्याएं सुनीं और मौके पर समाधान के निर्देश दिए।


इस दौरान 35 से अधिक पात्र लाभार्थियों को मुख्यमंत्री राहत कोष से सहायता राशि के चेक भी वितरित किए गए। लाभार्थियों ने सरकार और प्रशासन का आभार व्यक्त किया।


कार्यक्रम में बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। लोगों ने सड़क, बिजली, पानी, राजस्व और सामाजिक योजनाओं से जुड़े मुद्दे अधिकारियों के सामने रखे।


विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट ने कहा कि राज्य सरकार की मंशा है कि सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और किसी भी नागरिक को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए भटकना न पड़े।

उन्होंने कहा कि तहसील दिवस जैसे कार्यक्रम सरकार और जनता के बीच एक मजबूत सेतु का कार्य करते हैं। इससे आम लोगों को सीधे प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के समक्ष अपनी बात रखने का अवसर मिलता है।


विधायक ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” कार्यक्रम भी इसी उद्देश्य के तहत संचालित किए जा रहे हैं, ताकि लोगों को सरकारी सेवाओं और योजनाओं का लाभ उनके क्षेत्र में ही मिल सके।


अधिकारियों ने भी जनता को आश्वस्त किया कि प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाएगा और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
कार्यक्रम के अंत में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने लोगों से सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने और समस्याओं की जानकारी प्रशासन तक पहुंचाने की अपील की।

