आँचल दुग्ध संघ के चिलिंग प्लांट की गंदगी से स्थानीय लोग परेशान

आँचल दुग्ध संघ के चिलिंग प्लांट की गंदगी से स्थानीय लोग परेशान

स्थान : कालाढूंगी
ब्यूरो रिपोर्ट

कालाढूंगी नगर पालिका क्षेत्र स्थित आँचल दुग्ध संघ के चिलिंग प्लांट से निकलने वाले वेस्ट मटेरियल और दूषित पानी के कारण स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्रवासियों का आरोप है कि प्लांट से फैल रही गंदगी के कारण आसपास का वातावरण प्रदूषित हो रहा है और बीमारियों का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है।

स्थानीय लोगों के अनुसार प्लांट से निकलने वाला गंदा पानी और कचरा खुले में फैल रहा है, जिससे दुर्गंध और गंदगी का माहौल बना हुआ है। लोगों का कहना है कि लंबे समय से इस समस्या की शिकायत की जा रही है, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हो पाया है।

कालाढूंगी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. मोहन बोनाल ने बताया कि दुग्ध प्लांट से निकलने वाली गंदगी मलेरिया, डेंगू और अन्य संक्रामक बीमारियों को जन्म दे सकती है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया तो इसका गंभीर असर आम जनता के स्वास्थ्य पर पड़ सकता है।

वहीं आँचल दुग्ध संघ की प्रबंधक शांति कोरंगा ने मामले को गंभीर बताते हुए कहा कि समस्या के समाधान के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली गई है।

उन्होंने बताया कि जल्द ही गंदे पानी के निस्तारण के लिए सोखता (सोख पिट) का निर्माण कराया जाएगा, जिससे प्लांट से निकलने वाले दूषित पानी का उचित प्रबंधन किया जा सकेगा और लोगों को राहत मिलेगी।

पूर्व सभासद प्रेम सिंह रावत ने भी प्लांट से फैल रही गंदगी पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि चिलिंग प्लांट से निकलने वाले वेस्ट मटेरियल के कारण स्थानीय लोगों को रोजाना कई समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने प्रशासन और दुग्ध संघ से जल्द प्रभावी कदम उठाने की मांग करते हुए कहा कि जनता को इस समस्या से जल्द राहत मिलनी चाहिए।

स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे। क्षेत्रवासियों का कहना है कि जनस्वास्थ्य से जुड़े इस मुद्दे को गंभीरता से लिया जाना चाहिए।