

स्थान : रुड़की
ब्यूरो रिपोर्ट


रुड़की देशभर में NEET-UG परीक्षा विवाद और पेपर लीक मामले को लेकर युवाओं में लगातार आक्रोश बढ़ता जा रहा है। इसी के विरोध में रुड़की में यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मशाल जुलूस निकालकर केंद्र सरकार और नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया।


बड़ी संख्या में युवा हाथों में मशालें और तख्तियां लेकर सड़कों पर उतरे तथा परीक्षा अनियमितताओं के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद की। प्रदर्शन के दौरान युवाओं ने परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और निष्पक्षता की मांग उठाई।


यूथ कांग्रेस महानगर अध्यक्ष ओवैस अंसारी के नेतृत्व में निकाला गया मशाल जुलूस नगर निगम चौक से शुरू हुआ। यह रैली सिविल लाइंस और मुख्य बाजार सहित शहर के विभिन्न मार्गों से होकर गुजरी।


प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और NTA के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। युवाओं का कहना था कि बार-बार होने वाले पेपर लीक से मेहनती छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है।

इस अवसर पर यूथ कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री प्रणय प्रताप सिंह ने कहा कि लगातार हो रहे पेपर लीक और परीक्षाओं के रद्द होने की घटनाओं ने लाखों युवाओं को मानसिक तनाव और असुरक्षा की स्थिति में डाल दिया है।


वहीं महानगर अध्यक्ष राजेंद्र चौधरी ने आरोप लगाया कि सरकार की लापरवाही का खामियाजा मेहनती छात्रों को भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि युवाओं की आवाज को दबाने की कोशिश की जा रही है, जिसे कांग्रेस बर्दाश्त नहीं करेगी।


उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि परीक्षा व्यवस्था में जल्द सुधार नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
मशाल रैली में कांग्रेस महानगर अध्यक्ष चौधरी राजेंद्र सिंह, पूर्व महापौर गौरव गोयल, कांग्रेस नेता सुभाष सैनी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और युवा मौजूद रहे।
प्रदर्शन के दौरान युवाओं ने निष्पक्ष परीक्षा व्यवस्था लागू करने और पेपर लीक मामलों में सख्त कार्रवाई की मांग भी उठाई।

