

स्थान : देहरादून
ब्यूरो रिपोर्ट


डोईवाला के सर्राफा एवं स्वर्ण व्यापारियों ने केंद्र सरकार की नीतियों के विरोध में जोरदार प्रदर्शन करते हुए कैंडल मार्च निकाला। व्यापारियों ने बाजार में लगातार बढ़ रही मंदी और उत्पाद शुल्क (एक्साइज ड्यूटी) में बढ़ोतरी को लेकर गहरी नाराजगी जताई।


कैंडल मार्च के दौरान बड़ी संख्या में व्यापारी सड़कों पर उतरे और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। व्यापारियों का कहना था कि वर्तमान नीतियों के कारण सर्राफा कारोबार बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।


प्रदर्शनकारी व्यापारियों ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा सोना-चांदी की खरीद में संयम बरतने की अपील के बाद से ही बाजार में मंदी का माहौल बना हुआ है। ग्राहकों की खरीदारी कम होने से व्यापार लगातार गिरावट का सामना कर रहा है।


व्यापारियों के अनुसार अब एक्साइज ड्यूटी में बढ़ोतरी ने उनकी मुश्किलों को और बढ़ा दिया है। उनका कहना है कि बढ़ी हुई ड्यूटी का सीधा असर कारोबार पर पड़ रहा है और व्यापार चौपट होने की स्थिति में पहुंच गया है।

सर्राफा व्यापारियों ने केंद्र सरकार से मांग की कि जल्द से जल्द राहत देने वाले कदम उठाए जाएं, ताकि कारोबार को संभाला जा सके और व्यापारियों को आर्थिक संकट से बचाया जा सके।

व्यापारियों का कहना है कि सर्राफा कारोबार से हजारों परिवारों की आजीविका जुड़ी हुई है। यदि इसी तरह बाजार में मंदी बनी रही तो कई व्यापारियों और कर्मचारियों के सामने रोजगार का संकट खड़ा हो सकता है।


कैंडल मार्च के दौरान व्यापारियों ने सरकार से टैक्स और ड्यूटी में राहत देने की मांग उठाई। उनका कहना है कि व्यापारिक हितों को ध्यान में रखते हुए सरकार को संतुलित निर्णय लेने चाहिए।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।

