

स्थान : देहरादून
ब्यूरो रिपोर्ट


देहरादून उत्तराखंड पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” अभियान के तहत अपराधियों के खिलाफ लगातार बड़ी कार्रवाई की जा रही है। अभियान की प्रगति को लेकर पुलिस मुख्यालय में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता डीजीपी दीपम सेठ ने की।


समीक्षा बैठक में बताया गया कि ऑपरेशन प्रहार के तहत अब तक राज्यभर में 1400 से अधिक अपराधियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। अभियान का मुख्य उद्देश्य अपराध नियंत्रण, संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी और कानून व्यवस्था को मजबूत करना है।


पुलिस द्वारा राज्यभर में बड़े स्तर पर सत्यापन अभियान भी चलाया गया। अभियान के दौरान 40 हजार से ज्यादा लोगों का सत्यापन किया गया, जिससे संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर नजर रखी जा सके।


यातायात नियमों के उल्लंघन पर भी पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। अब तक करीब 15 हजार वाहनों के चालान किए गए हैं, जबकि नियमों का गंभीर उल्लंघन करने वाले लगभग 2000 वाहनों को सीज किया गया है।
ड्रंक एंड ड्राइव के मामलों में भी पुलिस ने अभियान तेज किया हुआ है। कार्रवाई के दौरान 900 से ज्यादा लोगों को शराब पीकर वाहन चलाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया।


चारधाम यात्रा को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए साइबर स्तर पर भी निगरानी बढ़ाई गई है। पुलिस ने यात्रा से जुड़े करीब 200 फर्जी लिंक और वेबसाइटों को ब्लॉक कराया है, जिनके जरिए लोगों से ठगी की आशंका थी।


डीजीपी दीपम सेठ ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान को और प्रभावी ढंग से चलाया जाए तथा अपराध और साइबर धोखाधड़ी पर सख्त नजर रखी जाए।
उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की आपराधिक या साइबर गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उत्तराखंड पुलिस के अनुसार ऑपरेशन प्रहार आगे भी लगातार जारी रहेगा और राज्य में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सघन अभियान चलाए जाते रहेंगे।

