

स्थान : अल्मोड़ा
रिपोर्टर : संजय जोशी


अल्मोड़ा जनपद में आमजन के स्वास्थ्य और सार्वजनिक सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) द्वारा विशेष निरीक्षण अभियान चलाया गया। इस दौरान बसोली, ताकुला सहित कई क्षेत्रों में संचालित औषधि प्रतिष्ठानों और मेडिकल स्टोरों की सघन जांच की गई।


औषधि निरीक्षक पूजा जोशी ने बताया कि अभियान के दौरान दुकानों के अभिलेख, औषधियों का भंडारण, क्रय-विक्रय रिकॉर्ड, लाइसेंस दस्तावेज और दवाओं की गुणवत्ता से जुड़े मानकों की विस्तृत जांच की गई।


जांच के दौरान कुछ प्रतिष्ठानों में औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम के प्रावधानों का उल्लंघन पाए जाने पर विभाग ने तत्काल कार्रवाई शुरू की है। एक फर्म का औषधि लाइसेंस निलंबित करने की संस्तुति की गई है, जबकि दो फर्मों की बिक्री और खरीद गतिविधियों को तत्काल प्रभाव से रोक दिया गया है।

विभाग का कहना है कि यह कदम जनस्वास्थ्य को सुरक्षित रखने के उद्देश्य से उठाया गया है, ताकि किसी भी संभावित जोखिम को समय रहते रोका जा सके।
निरीक्षण के दौरान संदेहास्पद गुणवत्ता वाली दो दवाओं के नमूने भी एकत्र किए गए हैं, जिन्हें परीक्षण और विश्लेषण के लिए राजकीय प्रयोगशाला भेजा जाएगा। रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने सभी मेडिकल स्टोर संचालकों को निर्देश दिए हैं कि वे दवाओं के भंडारण, बिक्री और रिकॉर्ड रखने में निर्धारित नियमों का पूरी तरह पालन करें। विभाग ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।


अधिकारियों ने कहा कि जनस्वास्थ्य से जुड़ी किसी भी लापरवाही को गंभीरता से लिया जाएगा और ऐसे निरीक्षण अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे, ताकि दवा व्यवस्था को पारदर्शी और सुरक्षित बनाया जा सके।

