देहरादून में देह व्यापार का भंडाफोड़, दो आरोपी गिरफ्तार

देहरादून में देह व्यापार का भंडाफोड़, दो आरोपी गिरफ्तार

स्थान : देहरादून
ब्यूरो रिपोर्ट

देहरादून के कैंट क्षेत्र में दून पुलिस ने जिस्मफरोशी के धंधे का बड़ा खुलासा करते हुए कार्रवाई की है। गोपनीय सूचना के आधार पर एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट और कैंट थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने किशन नगर एक्सटेंशन क्षेत्र में छापेमारी कर अनैतिक देह व्यापार के नेटवर्क का पर्दाफाश किया।

पुलिस को सूचना मिली थी कि इलाके में लंबे समय से अवैध रूप से देह व्यापार संचालित किया जा रहा है। सूचना के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई और योजनाबद्ध तरीके से छापा मारा गया।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। वहीं कार्रवाई के दौरान तीन महिलाओं को रेस्क्यू किया गया, जिन्हें सुरक्षित स्थान पर भेजा गया है। पुलिस महिलाओं से पूछताछ कर पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी हुई है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार गिरफ्तार मुख्य आरोपी पहले भी इसी प्रकार के मामले में जेल जा चुका है। आरोपी बाहरी राज्यों से महिलाओं को नौकरी और काम दिलाने का झांसा देकर देहरादून बुलाता था और बाद में उन्हें देह व्यापार में धकेल देता था।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की है। इसके अलावा एक वाहन को भी कब्जे में लिया गया है, जिसका इस्तेमाल इस अवैध गतिविधि में किया जा रहा था। बरामद सामान को जांच के लिए सुरक्षित रखा गया है।

पुलिस का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ अनैतिक देह व्यापार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। साथ ही पूरे गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश भी शुरू कर दी गई है।

रेस्क्यू की गई महिलाओं की काउंसलिंग और आवश्यक सहायता की व्यवस्था की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि इस नेटवर्क का संबंध अन्य राज्यों या शहरों से तो नहीं है।

दून पुलिस ने साफ किया है कि मानव तस्करी और देह व्यापार जैसे अपराधों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने लोगों से भी अपील की है कि यदि कहीं इस प्रकार की गतिविधियों की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।