

स्थान : अल्मोड़ा
रिपोर्टर : संजय जोशी


अल्मोड़ा के जिला सूचना कार्यालय में बुधवार को पत्रकार संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में जिले के कई पत्रकारों ने भाग लेकर प्रेस और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय तथा पत्रकारों की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की।


कार्यक्रम में जिला सूचना अधिकारी सत्यपाल सिंह ने सभी पत्रकारों का स्वागत किया और इस संवाद कार्यक्रम के उद्देश्य पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन का मकसद पत्रकारों की समस्याओं को सुनना और सरकार की योजनाओं का प्रभावी प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करना है।


कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों ने अपने-अपने विचार रखते हुए कई महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए। इनमें पत्रकारों के लिए बेहतर चिकित्सा सुविधाएं, बीमा योजनाओं का विस्तार, पत्रकार कल्याण कोष का प्रभावी क्रियान्वयन और पत्रकार पेंशन नियमों को अधिक व्यावहारिक बनाने की मांग प्रमुख रही।

पत्रकारों ने प्रेस मान्यता के नियमों में शिथिलीकरण की मांग भी उठाई और कहा कि वर्तमान व्यवस्था में कई व्यवहारिक कठिनाइयाँ आती हैं। इसके साथ ही पत्रकारों से जुड़ी योजनाओं में जिला प्रशासन और सूचना विभाग की भूमिका बढ़ाने पर भी जोर दिया गया।

बैठक में यह भी सुझाव दिया गया कि “जिला स्तरीय पत्रकार स्थायी समिति” की नियमित बैठकें आयोजित की जाएं, ताकि पत्रकारों और प्रशासन के बीच संवाद लगातार बना रहे। पत्रकारों ने कहा कि इन बैठकों में जनहित से जुड़े मुद्दों को भी प्राथमिकता दी जानी चाहिए।

कार्यक्रम में मौजूद पत्रकारों ने यह भी कहा कि जमीनी स्तर पर सूचना के आदान-प्रदान को और मजबूत करने की जरूरत है, जिससे जनता की समस्याओं को बेहतर तरीके से उठाया जा सके।


जिला सूचना अधिकारी ने आश्वासन दिया कि पत्रकारों द्वारा उठाई गई सभी मांगों और सुझावों को उच्च स्तर तक पहुंचाया जाएगा और उन पर सकारात्मक कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि प्रेस और प्रशासन के बीच समन्वय को मजबूत करने के लिए विभाग लगातार प्रयासरत है और आगे भी इस दिशा में कार्य किया जाएगा।

