

स्थान : दिनेशपुर
ब्यूरो रिपोर्ट


दिनेशपुर क्षेत्र में मंगलवार सुबह परिवहन विभाग उत्तराखंड ने स्कूल वाहनों के खिलाफ बड़ा चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान बच्चों को स्कूल ले जा रही बसों को रोककर उनकी गहन जांच की गई।


अभियान में बसों के दस्तावेज, फिटनेस, परमिट, फायर एक्सटिंग्विशर और अन्य सुरक्षा मानकों की जांच की गई। जांच के दौरान कई वाहनों में गंभीर अनियमितताएं पाई गईं, जिसके बाद विभाग ने तत्काल कार्रवाई की।

परिवहन विभाग ने नियमों का उल्लंघन करने वाली कुछ स्कूल बसों का चालान किया, जबकि कई बसों को मौके पर ही सीज कर दिया गया। अचानक हुई इस कार्रवाई से वाहन चालकों और स्कूल प्रबंधन में हड़कंप मच गया।


मुकुल अग्रवाल ने बताया कि पूरे उत्तराखंड में स्कूल वाहनों की विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन वाहनों में सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया जा रहा है, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है और आगे भी यह अभियान लगातार जारी रहेगा।


अधिकारियों ने बताया कि स्कूल बसों में फायर सेफ्टी, इमरजेंसी एग्जिट और फिटनेस जैसे जरूरी मानकों की विशेष जांच की जा रही है, ताकि बच्चों की यात्रा सुरक्षित बनी रहे।



इस कार्रवाई के बाद कई स्कूल प्रबंधन भी हरकत में आ गए हैं और अपने वाहनों की स्थिति सुधारने में जुट गए हैं। विभाग का कहना है कि नियमों का पालन सुनिश्चित होने तक यह अभियान जारी रहेगा।

