नैनीताल में यातायात व्यवस्था सख्त, नियम तोड़ने वालों पर पुलिस की कार्रवाई

नैनीताल में यातायात व्यवस्था सख्त, नियम तोड़ने वालों पर पुलिस की कार्रवाई

स्थान : नैनीताल
ब्यूरो रिपोर्ट

सरोवर नगरी नैनीताल सहित पूरे जनपद में यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी ने थाना क्षेत्र के पुलिस कर्मियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जो भी व्यक्ति बेवजह पुलिस पर रौब झाड़े या नियमों का पालन न करे, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।

एसएसपी के निर्देश पर नैनीताल, कैंची धाम, भवाली, भीमताल, हल्द्वानी, काठगोदाम, रामनगर, मुखानी और कालाढूंगी क्षेत्रों में ट्रैफिक पुलिस, सीपीयू और थाना पुलिस द्वारा सुबह से ही यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

यात्रियों, श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रमुख मार्गों, पार्किंग स्थलों और संवेदनशील यातायात प्वाइंटों पर पुलिस बल तैनात किया गया है, ताकि आवागमन में किसी प्रकार की दिक्कत न हो।

एसपी क्राइम/ट्रैफिक डॉ. जगदीश चंद्र और एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल के पर्यवेक्षण में लगातार निगरानी रखी जा रही है।

पुलिस द्वारा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। खासकर काले शीशे, अवैध नंबर प्लेट और नियम विरुद्ध वाहन संशोधन करने वालों पर कार्रवाई की जा रही है।

अभियान के तहत तीन वाहनों पर चालानी कार्रवाई की गई—
UP14GQ9191 और UP14GV0008 वाहनों में काली फिल्म पाए जाने पर ₹1000-₹1000 का चालान किया गया, जबकि एक अन्य वाहन 24BH4047A पर भी इसी तरह की कार्रवाई की गई।

पुलिस प्रशासन ने साफ किया है कि कानून तोड़ने वालों और पुलिस पर दबाव बनाने की कोशिश करने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। एसएसपी ने दोहराया कि यातायात व्यवस्था और कानून व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है।