

रिपोर्टर : विशेष शर्मा
स्थान : बाज़पुर

बाज़पुर में पुलिस प्रशासन में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। क्षेत्राधिकारी विभव कुमार सैनी के स्थानांतरण के बाद रुद्रपुरमें तैनात सीओ प्रशांत कुमार को काशीपुर के साथ-साथ बाजपुर का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।


नए प्रभार के साथ आज अपने पहले आगमन पर सीओ प्रशांत कुमार ने मीडिया से बातचीत की और कानून व्यवस्था को लेकर अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट कीं।

उन्होंने कहा कि महिला संबंधी अपराधों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी और ऐसे मामलों की रोकथाम के लिए विशेष रणनीति अपनाई जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि थानों में आने वाले हर फरियादी की 100 प्रतिशत सुनवाई सुनिश्चित की जाएगी, ताकि आम जनता को न्याय के लिए भटकना न पड़े।

सीओ प्रशांत कुमार ने शहर में यातायात व्यवस्था को लेकर भी सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि अनावश्यक रूप से भारी वाहनों का शहर में प्रवेश रोका जाएगा। इसके लिए वैकल्पिक मार्ग और व्यवस्थित ट्रैफिक प्लान तैयार किया जाएगा, जिससे जाम की समस्या को कम किया जा सके।

उन्होंने नशे के कारोबार पर भी कड़ी कार्रवाई की बात कही। सीओ ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में अवैध नशा कारोबार किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और इसके खिलाफ लगातार अभियान चलाया जाएगा।

स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि नए सीओ के नेतृत्व में क्षेत्र में कानून व्यवस्था और मजबूत होगी तथा अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सकेगा।



