

रिपोर्टर : संजय जोशी
स्थान : रानीखेत

चंपावत में नाबालिग किशोरी के साथ हुई कथित सामूहिक दुष्कर्म की दर्दनाक घटना को लेकर पूरे क्षेत्र में आक्रोश देखने को मिल रहा है। इसी मुद्दे पर रानीखेत में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।


गांधी चौक पर आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami का पुतला दहन किया और प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान माहौल काफी तनावपूर्ण रहा।

महिला जिलाध्यक्ष गीता पवार ने कहा कि आज प्रदेश की बेटियां खुद को असुरक्षित महसूस कर रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार “महिला वंदन” की बात करती है, लेकिन जमीनी स्तर पर स्थिति चिंताजनक बनी हुई है, जिसे उन्होंने “महिला क्रंदन” करार दिया।


कार्यकर्ताओं का कहना था कि प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ अपराध लगातार बढ़ रहे हैं, जो कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करते हैं। उन्होंने कहा कि सरकार को इस तरह की घटनाओं पर तुरंत और सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मांग की कि पीड़िता को जल्द से जल्द न्याय मिले और दोषियों को कठोरतम सजा दी जाए। साथ ही महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ठोस और प्रभावी कदम उठाए जाएं।

नगर अध्यक्ष उमेश भट्ट की अध्यक्षता में हुए इस कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां लेकर सरकार के खिलाफ विरोध दर्ज कराया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं की गई तो कांग्रेस प्रदेशभर में आंदोलन तेज करेगी।



इस अवसर पर महिला नगर अध्यक्ष नेहा माहरा, कॉर्डिनेटर कुलदीप कुमार, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष गोपाल सिंह देव, कार्यालय प्रबंधक रमेश पंत, मीडिया प्रभारी सोनू सिद्दीकी, ज़िला महासचिव अरसलान शेख़, ज़िला उपाध्यक्ष अंकित रावत, युवा ब्लॉक अध्यक्ष नीरज रावत, रुद्र माहरा, मनोज कोरंगा, दीपक सौन्तियाल, दीक्षांत, पवन, कार्तिका, नितिन डेन्नी, पंकज किरोला, मो. सिराज, मानस, अरसलान, निखिल, मयंक, आयुष, उदय, अनुज, अनस, उजैफ, समद सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

पूरे प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सरकार से जवाबदेही तय करने की मांग की और घटना की कड़ी निंदा की।

