

स्थान : देहरादून
ब्यूरो रिपोर्ट

देहरादून स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में एक बार फिर सदस्यता अभियान के तहत कई नए कार्यकर्ताओं ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इस दौरान कांग्रेस की दो वरिष्ठ महिला नेत्रियों और एक निर्दलीय प्रत्याशी समेत कई लोगों ने भाजपा का दामन थामा।


प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने जानकारी देते हुए बताया कि कांग्रेस की पूर्व नेत्री मीना शर्मा और लक्ष्मी राणा ने भाजपा की सदस्यता ली है। उन्होंने कहा कि दोनों नेताओं ने कांग्रेस में लंबे समय तक संघर्ष किया, लेकिन पार्टी के रुख से असंतुष्ट होकर भाजपा में शामिल हुईं।

महेंद्र भट्ट ने बताया कि इन महिला नेताओं ने विशेष रूप से नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर कांग्रेस के दृष्टिकोण पर नाराजगी जताई और भाजपा की नीतियों से प्रभावित होकर यह निर्णय लिया।


इस मौके पर घनसाली से पिछला चुनाव निर्दलीय लड़ चुके अनुसूचित जाति के नेता दर्शन लाल भारती ने भी भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। उनके शामिल होने को पार्टी के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
प्रदेश अध्यक्ष ने दावा किया कि नरेंद्र मोदी और पुष्कर सिंह धामी के कार्यों से प्रभावित होकर बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि भाजपा से जुड़ रहे हैं। उन्होंने इसे पार्टी की नीतियों और कार्यशैली पर बढ़ते विश्वास का संकेत बताया।


महेंद्र भट्ट ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी लंबे समय से जनता को गुमराह करती आई है, जिसका परिणाम अब उसे भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में कांग्रेस का बड़ा कुनबा टूटकर भाजपा में शामिल हो सकता है।



भाजपा द्वारा चलाया जा रहा यह सदस्यता अभियान आगामी चुनावों को देखते हुए काफी अहम माना जा रहा है। पार्टी इसे संगठन विस्तार और जनाधार मजबूत करने की दिशा में एक बड़े कदम के रूप में देख रही है।


