शिवालिक नगर में सफाई और अतिक्रमण पर सख्त हुए डीएम, अधिकारियों को दिए कड़े निर्देश

शिवालिक नगर में सफाई और अतिक्रमण पर सख्त हुए डीएम, अधिकारियों को दिए कड़े निर्देश

स्थान : हरिद्वार
ब्यूरो रिपोर्ट

हरिद्वार के शिवालिक नगर क्षेत्र में बिगड़ती सफाई व्यवस्था और बढ़ते अतिक्रमण को लेकर प्रशासन सख्त हो गया है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने नगर पालिका शिवालिक नगर और बीएचईएल टाउनशिप के अधिकारियों के साथ बैठक कर हालात की समीक्षा की।

बैठक के दौरान डीएम ने साफ कहा कि क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था को तत्काल प्रभाव से सुधारा जाए और अवैध अतिक्रमण को किसी भी हालत में बढ़ने न दिया जाए। उन्होंने अधिकारियों को जिम्मेदारी के साथ काम करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने बताया कि पूरे जिले में इस समय बृहद सफाई अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत शहर से लेकर कस्बों तक सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने का प्रयास किया जा रहा है।

हालांकि उन्होंने यह भी माना कि शिवालिक नगर और बीएचईएल क्षेत्र में अभी भी सफाई व्यवस्था में सुधार की काफी गुंजाइश है। खासकर कूड़ा उठान और नियमित सफाई को लेकर स्थिति संतोषजनक नहीं है।

डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कूड़ा कलेक्शन की व्यवस्था को व्यवस्थित किया जाए और कहीं भी कूड़े के ढेर न लगने दिए जाएं। साथ ही सफाई कर्मचारियों की निगरानी बढ़ाने के भी निर्देश दिए गए।

अतिक्रमण को लेकर भी जिलाधिकारी ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर अवैध कब्जों को तुरंत हटाया जाए और भविष्य में ऐसी गतिविधियों पर रोक लगाई जाए।

बैठक के अंत में डीएम मयूर दीक्षित ने चेतावनी दी कि सफाई व्यवस्था या कूड़ा प्रबंधन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि सुधार नहीं हुआ तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।