खिर्सू मोटर मार्ग पर बड़ा हादसा टला, बाइक-मैक्स की टक्कर में 8 घायल

खिर्सू मोटर मार्ग पर बड़ा हादसा टला, बाइक-मैक्स की टक्कर में 8 घायल

स्थान : पौड़ी गढ़वाल
ब्यूरो रिपोर्ट

कोतवाली श्रीनगर क्षेत्र के अंतर्गत खिर्सू मोटर मार्ग पर सोमवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। बाइक और मैक्स वाहन की आमने-सामने टक्कर के बाद दोनों वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरे, जिससे आठ लोग घायल हो गए।

पुलिस के अनुसार हादसा ग्वाड़ और खिर्सू के बीच हुआ। सूचना मिलते ही चौकी खिर्सू से पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि मैक्स वाहन पैठाणी से श्रीनगर की ओर जा रही थी। इसी दौरान सामने से आ रही मोटरसाइकिल से उसकी टक्कर हो गई, जिसके बाद दोनों वाहन सड़क से नीचे खाई में गिर गए।

हादसे में मैक्स में सवार सात लोग—गगन सिंह (75), सतेश्वरी देवी (50), संगीता देवी (23), अंजू (24), मंगल सिंह (32), गुड्डी देवी (55) और गौतम सिंह (26) निवासी पैठाणी घायल हो गए। वहीं मोटरसाइकिल सवार गजेन्द्र सिंह (42) निवासी पाबौ भी चोटिल हुआ।

स्थानीय लोगों और पुलिस की संयुक्त टीम ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को खाई से बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें 108 एम्बुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खिर्सू पहुंचाया गया।

अस्पताल में सभी घायलों का प्राथमिक उपचार किया जा रहा है। चिकित्सकों के अनुसार अधिकांश घायलों की हालत स्थिर बताई जा रही है।

पुलिस का कहना है कि समय रहते रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू होने से एक बड़ा हादसा टल गया, अन्यथा जान-माल का भारी नुकसान हो सकता था।

मामले में पुलिस द्वारा आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है और दुर्घटना के कारणों की जांच भी शुरू कर दी गई है।

प्रशासन ने वाहन चालकों से पहाड़ी मार्गों पर सावधानी बरतने, गति नियंत्रित रखने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।