चैती मेले में नाबालिग से दुष्कर्म का मामला, दो आरोपी गिरफ्तार

चैती मेले में नाबालिग से दुष्कर्म का मामला, दो आरोपी गिरफ्तार

स्थान : काशीपुर
ब्यूरो रिपोर्ट

चैती मेले की भीड़ के बीच एक नाबालिग बच्ची के साथ दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

घटना के अनुसार, दो युवकों ने एक अकेली नाबालिग को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए थे, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया। जांच की जिम्मेदारी आईटीआई थाना पुलिस और एसओजी काशीपुर को सौंपी गई।

पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे 270 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही तकनीकी सर्विलांस और मोबाइल लोकेशन के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई।

जांच के दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले, जिनके आधार पर आरोपियों की लोकेशन ट्रेस की गई। दोनों आरोपी मुरादाबाद क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पंकज और अरविंद नामक दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस तरह के मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों को सख्त सजा दिलाई जाएगी।

इस कार्रवाई के बाद स्थानीय लोगों में सुरक्षा को लेकर विश्वास बढ़ा है और पुलिस की तत्परता की सराहना की जा रही हैं।