

लोकेशन – किच्छा
ब्यूरो रिपोर्ट

उधम सिंह नगर जिले के किच्छा में गौ रक्षा दल और कई हिंदूवादी संगठनों के कार्यकर्ताओं ने गौ माता को “राष्ट्र माता” का दर्जा दिए जाने की मांग को लेकर जोरदार आवाज उठाई। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने एसडीएम कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा।


कार्यकर्ताओं ने किच्छा के एसडीएम गौरव पांडे को ज्ञापन सौंपते हुए अपनी मांगों से अवगत कराया। उन्होंने यह ज्ञापन देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, महामहिम राष्ट्रपति तथा उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को संबोधित किया।

हिंदूवादी संगठनों और गौ रक्षा दल के कार्यकर्ताओं का कहना है कि लंबे समय से गौ माता को राष्ट्र माता का दर्जा देने की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।


कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि देश में बीफ निर्यात का स्तर ऊंचा होने और गोवंशीय पशुओं की कथित हत्याओं को लेकर गंभीर चिंता बनी हुई है। उनका कहना है कि इन परिस्थितियों में गौ संरक्षण को और मजबूत किए जाने की आवश्यकता है।
ज्ञापन में कहा गया कि “गौ सम्मान अभियान” के तहत देशभर में जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है, ताकि गौ माता को राष्ट्र माता का सम्मान दिलाया जा सके और गोवंश की रक्षा सुनिश्चित हो।


कार्यकर्ताओं ने यह भी कहा कि सनातन समाज राजनीति और प्रशासन पर अधिक निर्भर हो गया है, जिसके कारण वर्षों पुरानी यह मांग अब तक पूरी नहीं हो सकी है।


उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही उनकी मांगों पर विचार नहीं किया गया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा तथा दिल्ली कूच भी किया जा सकता है।


फिलहाल प्रशासन ने ज्ञापन प्राप्त कर मामले को उच्च स्तर पर भेजने का आश्वासन दिया है, जबकि क्षेत्र में यह मुद्दा चर्चा का विषय बना हुआ है।

