हरिद्वार में जनसुनवाई: 56 शिकायतें दर्ज, 26 का मौके पर निस्तारण

हरिद्वार में जनसुनवाई: 56 शिकायतें दर्ज, 26 का मौके पर निस्तारण

स्थान : हरिद्वार
ब्यूरो रिपोर्ट

हरिद्वार में आम जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम के तहत प्रशासन ने एक बार फिर सक्रियता दिखाई। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने की।

जिला कार्यालय में हुई जनसुनवाई के दौरान कुल 56 शिकायतें दर्ज की गईं। इनमें से 36 शिकायतें लोगों ने मौके पर आकर प्रस्तुत कीं, जबकि 20 शिकायतें ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से प्राप्त हुईं।

प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए 26 शिकायतों का तत्काल समाधान कर दिया, जबकि शेष मामलों को संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेज दिया गया है।

जनसुनवाई में राजस्व, भूमि विवाद, बिजली, जलभराव और पेयजल आपूर्ति जैसी समस्याएं प्रमुख रूप से सामने आईं। ग्रामीण क्षेत्रों से जुड़ी कई शिकायतें भी इस दौरान दर्ज की गईं।

इसके साथ ही 25 ग्राम पंचायतों के मिनी सचिवालयों के माध्यम से ग्रामीणों ने ऑनलाइन अपनी समस्याएं दर्ज कराईं, जिससे दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को भी सीधा प्रशासन से जुड़ने का अवसर मिला।

जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों का निस्तारण समयबद्ध और पूरी संवेदनशीलता के साथ किया जाए, ताकि आम जनता को राहत मिल सके।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि सीएम हेल्पलाइन उत्तराखंड पर लंबित शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द से जल्द निपटाया जाए।

प्रशासन का कहना है कि जनसुनवाई का उद्देश्य जनता और सरकारी तंत्र के बीच दूरी को कम करना और समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है।