

स्थान : जसपुर
ब्यूरो रिपोर्ट

जसपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत हल्दुआ शाहू गांव और जसपुर–काशीपुर राष्ट्रीय राजमार्ग NH-734 टोल प्लाजा के पास स्थित हल्दुआ चौराहे पर संचालित विश्वनाथ पेपर फैक्ट्री में एक बड़ा हादसा सामने आया है।


जानकारी के अनुसार, गांव जगतपुर पट्टी निवासी 50 वर्षीय जगत सिंह बीते 25 अप्रैल 2026 की सुबह लगभग 10 बजे फैक्ट्री में काम कर रहे थे, तभी वे ट्रक की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल उपचार के लिए काशीपुर के नव्या निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज अभी भी जारी है।

घटना के 24 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बाद भी आरोप है कि फैक्ट्री प्रशासन का कोई भी अधिकारी या कर्मचारी घायल मजदूर का हालचाल जानने अस्पताल नहीं पहुंचा। इससे परिजनों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त हो गया है।


आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने फैक्ट्री के गेट पर पहुंचकर घेराव किया और धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। लोगों ने फैक्ट्री प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए पीड़ित को आर्थिक सहायता और बेहतर इलाज उपलब्ध कराने की मांग की।
इस दौरान स्थिति तब और तनावपूर्ण हो गई जब फैक्ट्री परिसर में कोई भी जिम्मेदार अधिकारी या कर्मचारी मौजूद नहीं मिला, जिससे लोगों का गुस्सा और बढ़ गया।


मामले की जानकारी मिलने पर आजाद समाज पार्टी के विधानसभा अध्यक्ष प्रदीप कुमार जाटव और जिला पंचायत सदस्य चरनजीत सिंह चन्नी मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात की और फैक्ट्री प्रबंधन को कड़ी चेतावनी दी।


नेताओं ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि यह बेहद गंभीर मामला है और मजदूर के साथ हुई दुर्घटना के बाद फैक्ट्री प्रबंधन की संवेदनहीनता निंदनीय है। उन्होंने कहा कि यदि आज शाम तक पीड़ित को उचित उपचार और आर्थिक सहायता नहीं दी जाती है, तो कल फैक्ट्री गेट पर तालाबंदी कर अनिश्चितकालीन धरना दिया जाएगा।


फिलहाल क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी हुई है और ग्रामीण लगातार फैक्ट्री प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

