

स्थान – खटीमा /ऊधम सिंह नगर
रिपोर्ट – अशोक सरकार

खटीमा में शिक्षा के अधिकार (RTE) के तहत निजी स्कूलों में होने वाले प्रवेशों को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। वार्ड नंबर 6 लोहियाहेड रोड के निवासियों ने आज तहसील पहुंचकर एसडीएम को ज्ञापन सौंपते हुए लॉटरी प्रक्रिया में अनियमितता का आरोप लगाया है।


मामला खटीमा के अमाऊ क्षेत्र का है, जहां बालिका आश्रम पद्धति स्कूल और सर्राफ पब्लिक स्कूल के करीब 500 मीटर के दायरे में रहने वाले गरीब परिवारों का कहना है कि उन्होंने अपने बच्चों के दाखिले के लिए RTE के तहत आवेदन किया था, लेकिन लॉटरी परिणाम में उनके बच्चों का नाम शामिल नहीं किया गया।

अभिभावकों का आरोप है कि पास में रहने के बावजूद किसी भी पात्र बच्चे का चयन नहीं हुआ, जबकि स्कूल से काफी दूर रहने वाले बच्चों के नाम सूची में आ गए। इससे लॉटरी प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवाल उठ रहे हैं।


रीना यादव और चंद्र परिहार सहित अन्य अभिभावकों ने बताया कि वे मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं और बड़ी उम्मीद के साथ बच्चों के दाखिले के लिए आवेदन किया था। लेकिन परिणाम देखकर वे निराश हैं।
अभिभावकों का कहना है कि उन्हें इस पूरी प्रक्रिया में गड़बड़ी का संदेह है और उन्होंने मांग की है कि वर्तमान लॉटरी परिणाम को निरस्त कर दोबारा पूरी पारदर्शिता के साथ लॉटरी निकाली जाए।


ज्ञापन में यह भी कहा गया कि यदि मामले की निष्पक्ष जांच नहीं की गई तो वे आंदोलन और धरना-प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।

वहीं, इस मामले पर खटीमा एसडीएम तुषार सैनी ने बताया कि शिकायत को गंभीरता से लेते हुए खंड शिक्षा अधिकारी को जांच के आदेश दिए गए हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल पूरे मामले को लेकर अभिभावकों में नाराजगी बनी हुई है और प्रशासन की जांच पर सभी की नजरें टिकी हैं।

