

स्थान : लालकुआं (नैनीताल)
ब्यूरो रिपोर्ट

उत्तराखंड के लालकुआं क्षेत्र में समाजसेवी पीयूष जोशी की गिरफ्तारी के विरोध में जनप्रतिनिधियों का आक्रोश खुलकर सामने आया। मंगलवार को बरेली रोड क्षेत्र के दर्जनों से अधिक ग्राम प्रधानों और बीडीसी सदस्यों ने एकजुट होकर कोतवाली पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया।


प्रदर्शनकारियों ने प्रभारी निरीक्षक ब्रजमोहन सिंह राणा को ज्ञापन सौंपते हुए तत्काल रिहाई की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि पीयूष जोशी लंबे समय से क्षेत्र में नशे के खिलाफ अभियान चला रहे हैं और सामाजिक मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।


जनप्रतिनिधियों का आरोप है कि हाल ही में मदरसन फैक्ट्री के श्रमिकों के समर्थन में खड़े होने के कारण उन्हें राजनीतिक द्वेष के चलते उनके घर से गिरफ्तार किया गया, जो पूरी तरह अनुचित है।

प्रदर्शन के दौरान पुलिस कार्रवाई को “अनैतिक” बताते हुए जनप्रतिनिधियों ने कहा कि इस तरह की कार्रवाई से समाज में गलत संदेश जाता है और सामाजिक कार्यकर्ताओं का मनोबल गिरता है।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि पीयूष जोशी को जल्द बिना शर्त रिहा नहीं किया गया, तो क्षेत्र में व्यापक आंदोलन शुरू किया जाएगा।

ज्ञापन सौंपने वालों में क्षेत्र पंचायत सदस्य चिंतामणि पांडे, ग्राम प्रधान पूजा बिष्ट, रमेश जोशी, जानकी देवी, सोनी पंत, राधा कैलाश भट्ट, रुक्मणी नेगी, गरिमा पांडे और इंद्र बिष्ट सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

प्रदर्शन के दौरान सभी ने एक स्वर में कहा कि वे न्याय मिलने तक संघर्ष जारी रखेंगे और आवश्यकता पड़ने पर उच्च अधिकारियों से भी मुलाकात करेंगे।


