

स्थान : डोईवाला
ब्यूरो रिपोर्ट

उत्तराखंड के डोईवाला तहसील अंतर्गत माजरी ग्रांट ग्राम पंचायत के लाल तप्पड़ वार्ड नंबर 2 में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब बीआरओ मुख्यालय के समीप स्थित एक टेंट हाउस में अचानक भीषण आग लग गई।


आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते टेंट हाउस में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर पूरी तरह राख हो गया। स्थानीय लोगों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग की तीव्रता के चलते काफी नुकसान हो चुका था।


बताया जा रहा है कि यह हादसा “फौजी टेंट हाउस” में हुआ, जहां आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट या अन्य कारणों की आशंका जताई जा रही है।


घटना की सूचना मिलते ही ग्राम पंचायत माजरी की प्रधान निशा देवी, सामाजिक कार्यकर्ता मंगल सिंह और राजस्व उप निरीक्षक मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया।

टेंट हाउस के मालिक रघुवीर सिंह ने बताया कि इस आगजनी की घटना में उन्हें करीब 16 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। उन्होंने प्रशासन से आर्थिक सहायता और मुआवजे की मांग की है।


प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है और आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच भी प्रारंभ कर दी गई है।

इस घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है, वहीं स्थानीय लोग प्रशासन से जल्द राहत और सुरक्षा उपायों को मजबूत करने की मांग कर रहे हैं।


