लंढौर बाजार की बदहाली पर स्थानीयों का आक्रोश, सड़क मरम्मत और भूधंसाव को लेकर उठी आवाज

लंढौर बाजार की बदहाली पर स्थानीयों का आक्रोश, सड़क मरम्मत और भूधंसाव को लेकर उठी आवाज

स्थान : मसूरी
ब्यूरो रिपोर्ट

मसूरी के ऐतिहासिक और सबसे पुराने लंढौर बाजार की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है। वर्षों से विकास की प्रतीक्षा कर रहा यह क्षेत्र अब गंभीर समस्याओं से जूझ रहा है, जिससे व्यापार पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है। कई व्यापारी पहले ही यहां से पलायन करने को मजबूर हो चुके हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय से सड़क मरम्मत की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। मार्ग पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे होने के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं और कई लोग घायल भी हो चुके हैं।

जोशीमठ में हुए भूधंसाव की घटना के बाद मसूरी क्षेत्र में भी इंजीनियरों द्वारा सर्वे किया गया था, लेकिन स्थानीयों के आरोप हैं कि इसकी रिपोर्ट अब तक फाइलों में ही दबकर रह गई है और उस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई।

स्थिति और अधिक चिंताजनक तब हो गई है जब क्षेत्र में भूधंसाव के कारण आसपास के मकानों में दरारें आने लगी हैं। इससे स्थानीय निवासियों में दहशत का माहौल है और लोग लगातार सुरक्षित भविष्य को लेकर चिंतित हैं।

इस मुद्दे को लेकर कई बार नगर पालिका अधिकारियों से वार्ता की गई, लेकिन समाधान न निकलने पर अब क्षेत्रवासी आंदोलन की चेतावनी देने लगे हैं।

इसी क्रम में आज नगर पालिका सभासद गीता कुमाई द्वारा अधिशासी अधिकारी को एक ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में लंढौर बाजार की सड़क की शीघ्र मरम्मत के साथ-साथ शहर के अन्य संपर्क मार्गों के सुधार की भी मांग की गई है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि जल्द ही समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे बड़े आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। वहीं, अब पूरा मामला प्रशासनिक कार्रवाई की प्रतीक्षा में है और लोगों की निगाहें नगर पालिका के अगले कदम पर टिकी हैं।