चारधाम यात्रा की तैयारियां पूरी, पंजीकरण अनिवार्य; चेक पोस्टों पर सख्त जांच शुरू

चारधाम यात्रा की तैयारियां पूरी, पंजीकरण अनिवार्य; चेक पोस्टों पर सख्त जांच शुरू

स्थान : मसूरी
ब्यूरो रिपोर्ट

उत्तराखंड में चारधाम यात्रा को लेकर शासन-प्रशासन ने सभी तैयारियां पूर्ण कर ली हैं। गंगोत्री, यमुनोत्री, बद्रीनाथ और केदारनाथ धाम जाने वाले यात्रियों के लिए पंजीकरण अनिवार्य कर दिया गया है।

इस बार यात्रा व्यवस्था को और अधिक सुव्यवस्थित बनाने के लिए ग्रीन कार्ड और ट्रिप कार्ड प्रणाली लागू की गई है, जिसके माध्यम से यात्रियों और वाहनों की सटीक गणना की जा रही है। बिना फिटनेस और वैध रजिस्ट्रेशन वाले वाहनों को यात्रा मार्ग पर आगे बढ़ने की अनुमति नहीं दी जा रही है।

राज्य सरकार द्वारा सभी प्रमुख यात्रा मार्गों पर चेक पोस्ट स्थापित किए गए हैं। इन चेक पोस्टों पर उत्तराखंड परिवहन निगम के अधिकारी और कर्मचारी वाहनों की गहन जांच के बाद ही उन्हें आगे की यात्रा के लिए रवाना कर रहे हैं।

चारधाम यात्रा की शुरुआत 16 अप्रैल से हो चुकी है और इस वर्ष रिकॉर्ड संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। इसे देखते हुए शासन और प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।

यात्रा को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए पर्यटन विभाग, स्वास्थ्य विभाग, परिवहन विभाग सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारियों की तैनाती तीर्थ स्थलों और यात्रा मार्गों पर की गई है।

सरकार द्वारा यात्रियों के लिए आवश्यक सुविधाओं को सुनिश्चित किया जा रहा है, ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और श्रद्धालु आसानी से अपनी यात्रा पूरी कर सकें।

मसूरी-देहरादून मार्ग पर कोठाल गेट के निकट बनाए गए चेक पोस्ट पर भी वाहनों की सघन जांच की जा रही है। सभी दस्तावेज पूर्ण होने के बाद ही वाहनों को आगे रवाना किया जा रहा है।

इस संबंध में प्रधान सहायक सरिता बहुगुणा ने जानकारी देते हुए बताया कि अब तक लगभग 95 वाहनों के माध्यम से 2197 यात्रियों को चारधाम यात्रा के लिए भेजा जा चुका है। उन्होंने बताया कि ग्रीन कार्ड और ट्रिप कार्ड की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही यात्रियों को आगे भेजा जा रहा है।

उन्होंने यह भी कहा कि जिन यात्रियों का पंजीकरण अभी नहीं हो पाया है, उन्हें ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन के लिए निर्देशित किया जा रहा है, ताकि सभी श्रद्धालु व्यवस्थित रूप से यात्रा का लाभ उठा सकें।

इस बार चारधाम यात्रा को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और सुरक्षा से लेकर सुविधाओं तक हर स्तर पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।