रुड़की में ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ को लेकर सियासी घमासान तेज, भाजपा ने विपक्ष पर साधा निशाना

रुड़की में ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ को लेकर सियासी घमासान तेज, भाजपा ने विपक्ष पर साधा निशाना

स्थान : रुड़की
ब्यूरो रिपोर्ट

रुड़की से बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां महिला सशक्तिकरण और ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। शहर के एक निजी होटल में भारतीय जनता पार्टी की ओर से आयोजित प्रेस वार्ता में विपक्षी दलों, खासकर कांग्रेस पर जमकर हमला बोला गया।

प्रेस वार्ता में भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. मधु सिंह, राज्यमंत्री विनय रोहिल्ला, समाजसेविका ममता पंगती और मेयर अनीता अग्रवाल मौजूद रहीं। इस दौरान भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि विपक्ष महिला आरक्षण जैसे ऐतिहासिक और महत्वपूर्ण कदम का राजनीतिक कारणों से विरोध कर रहा है।

भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. मधु सिंह ने कहा कि कांग्रेस ने लंबे समय तक महिला आरक्षण को लागू करने में देरी की और अब जब यह कानून की दिशा में आगे बढ़ रहा है, तो इसका विरोध किया जा रहा है। उन्होंने इसे महिला सशक्तिकरण के खिलाफ बताया।

राज्यमंत्री विनय रोहिल्ला ने विपक्ष पर तुष्टिकरण और समाज को बांटने की राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कुछ राजनीतिक दल धर्म आधारित आरक्षण की बात कर महिलाओं के अधिकारों को कमजोर करने का प्रयास कर रहे हैं।

उन्होंने आगे कहा कि महिला सशक्तिकरण को लेकर भाजपा पूरी तरह गंभीर है और इसी मुद्दे पर 24 तारीख को देहरादून में बड़ी विरोध रैली आयोजित की जाएगी, जिसमें सरकार की नीतियों और विपक्ष के रवैये को लेकर जनता के सामने बात रखी जाएगी।

वहीं समाजसेविका ममता पंगती ने स्पष्ट किया कि ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ परिसीमन प्रक्रिया से जुड़ा हुआ है, जिसका उद्देश्य लोकसभा और विधानसभा में महिलाओं को संतुलित और न्यायसंगत प्रतिनिधित्व देना है।

मेयर अनीता अग्रवाल ने भी इस अधिनियम को महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम बताया और इसके समर्थन में एकजुटता की बात कही।

इस पूरे घटनाक्रम के बाद रुड़की में महिला आरक्षण को लेकर सियासी सरगर्मी और बढ़ गई है। अब देखना होगा कि आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर राजनीतिक दलों के बीच बयानबाजी किस दिशा में जाती है और क्या यह बहस और तेज होती है।