

स्थान : हरिद्वार
ब्यूरो रिपोर्ट

भाजपा के पूर्व उपाध्यक्ष और राज्यसभा सांसद रहे बलबीर पुंज की अस्थियों का हरिद्वार में गंगा घाट पर विधि-विधान के साथ विसर्जन किया गया।


कनखल स्थित सती घाट पर परिजन अस्थि कलश लेकर पहुंचे, जहां वैदिक रीति-रिवाजों के साथ गंगा में अस्थियां प्रवाहित की गईं। इस दौरान दिवंगत नेता की आत्मा की शांति और मोक्ष के लिए प्रार्थना की गई।


श्रद्धांजलि देने के लिए बड़ी संख्या में भाजपा नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत और कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने भी कार्यक्रम में शामिल होकर श्रद्धासुमन अर्पित किए।


दोनों नेताओं ने बलबीर पुंज की तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित करते हुए उनके योगदान को याद किया। त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि बलबीर पुंज एक राष्ट्रवादी चिंतक और प्रखर लेखक थे, जिनके विचारों से पार्टी को निरंतर मार्गदर्शन मिलता रहा।

वहीं मदन कौशिक ने कहा कि दिवंगत नेता का राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान रहा है, जिसे हमेशा याद रखा जाएगा।

गौरतलब है कि बलबीर पुंज का 76 वर्ष की आयु में शनिवार को निधन हो गया था। उनके निधन से राजनीतिक और सामाजिक जगत में शोक की लहर है।

कार्यक्रम के दौरान मौजूद लोगों ने दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि देते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।


