किच्छा में बड़ी चोरी, 90 लाख की नगदी और आभूषण ले उड़े बदमाश

किच्छा में बड़ी चोरी, 90 लाख की नगदी और आभूषण ले उड़े बदमाश

स्थान : किच्छा
ब्यूरो रिपोर्ट

किच्छा में अज्ञात चोरों ने एक घर में धावा बोलकर करीब 90 लाख रुपये की नगदी और सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।

जानकारी के अनुसार आवास विकास निवासी वरिष्ठ राइस मिलर राजेंद्र अग्रवाल का परिवार 18 अप्रैल को रामनगर में आयोजित एक विवाह समारोह में शामिल होने गया था। दो दिन बाद जब परिवार घर लौटा तो घर का सारा सामान बिखरा हुआ मिला।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। कोतवाली पुलिस, फॉरेंसिक टीम और एसओजी ने मौके का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए।

चोरों ने घर के कई दरवाजे और लॉकर लोहे के औजारों से तोड़कर वारदात को अंजाम दिया। खास बात यह रही कि जाते समय बदमाश घर में लगे सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर बॉक्स भी अपने साथ ले गए।

पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर दो संदिग्धों के फुटेज हासिल किए हैं। इन फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी क्राइम उत्तम सिंह नेगी भी मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार से जानकारी ली। उन्होंने पुलिस टीम को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित कर दी हैं। एसपी क्राइम ने भरोसा दिलाया है कि घटना का जल्द खुलासा किया जाएगा।

फिलहाल पुलिस विभिन्न एंगल से जांच में जुटी है और आसपास के क्षेत्रों में भी संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।