कल खुलेंगे केदारनाथ धाम के कपाट चारधाम यात्रा 2026 का शुभारंभ

कल खुलेंगे केदारनाथ धाम के कपाट चारधाम यात्रा 2026 का शुभारंभ

स्थान : केदारनाथ
ब्यूरो रिपोर्ट

आस्था और श्रद्धा के केंद्र केदारनाथ धाम के कपाट 22 अप्रैल 2026 को प्रातः 08:00 बजे शुभ मुहूर्त में विधिवत खोल दिए जाएंगे। वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक विधि-विधान के साथ श्रद्धालुओं के दर्शन शुरू होंगे, जिसके साथ ही विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ यात्रा 2026 का औपचारिक शुभारंभ होगा।

इस पावन अवसर पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी धाम पहुंचेंगे और पारंपरिक पूजा-अर्चना में भाग लेंगे। उनके दौरे को लेकर प्रशासन ने विशेष तैयारियां की हैं।

कपाट खुलने को लेकर श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। देश-विदेश से हजारों श्रद्धालु धाम पहुंच चुके हैं और बाबा केदारनाथ के दर्शन के लिए उत्सुक हैं।

यात्रा को सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए जिला प्रशासन रुद्रप्रयाग द्वारा व्यापक इंतजाम किए गए हैं। सड़कों की मरम्मत, यातायात प्रबंधन और पैदल मार्गों को दुरुस्त किया गया है, जिससे श्रद्धालुओं को सुविधा मिल सके।

पैदल मार्ग पर शौचालय, आवास, खान-पान और पेयजल की बेहतर व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही विद्युत और सोलर लाइट की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है, ताकि रात के समय भी आवागमन सुरक्षित रहे।

स्वास्थ्य सेवाओं को ध्यान में रखते हुए हर दो किलोमीटर पर चिकित्सा सहायता केंद्र स्थापित किए गए हैं। साथ ही स्वच्छता पर विशेष ध्यान देते हुए आधुनिक शौचालय और गर्म पानी की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।

सुरक्षा के लिहाज से पुलिस और प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हैं। यात्रा मार्ग और धाम क्षेत्र में व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सहज यात्रा का अनुभव मिल सके।

वहीं, विभिन्न राज्यों से आए श्रद्धालुओं ने व्यवस्थाओं पर संतोष जताया है और प्रशासन के प्रयासों की सराहना की है। कपाट खुलने से एक दिन पहले बाबा की पंचमुखी उत्सव डोली के धाम पहुंचने से पूरे क्षेत्र में भक्ति और आस्था का माहौल चरम पर पहुंच गया है।