काशीपुर में मंत्री रेखा आर्या की प्रेस वार्ता महिला आरक्षण पर विपक्ष पर साधा निशाना

काशीपुर में मंत्री रेखा आर्या की प्रेस वार्ता महिला आरक्षण पर विपक्ष पर साधा निशाना

स्थान : काशीपुर
ब्यूरो रिपोर्ट

बाजपुर रोड स्थित भाजपा कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने महिला आरक्षण विधेयक को लेकर विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने इसे महिलाओं के अधिकारों से जुड़ा महत्वपूर्ण मुद्दा बताया।

मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि आधी आबादी के अधिकारों का विरोध करने वाले दलों को जनता आने वाले चुनावों में करारा जवाब देगी। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण की दिशा में यह एक ऐतिहासिक कदम है।

उन्होंने कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और तृणमूल कांग्रेस जैसे दलों पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि इन दलों ने महिला आरक्षण का विरोध कर महिलाओं का अपमान किया है और अपना राजनीतिक चरित्र उजागर किया है।

रेखा आर्या ने कहा कि यह मुद्दा केवल राजनीति का नहीं बल्कि महिलाओं के सम्मान, अधिकार और उनके भविष्य से जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि देश की महिलाएं इस तरह के विरोध को कभी नहीं भूलेंगी।

उन्होंने भरोसा जताया कि आने वाले समय में देश की महिलाएं लोकतंत्र के सबसे बड़े पर्व में विपक्ष को करारा जवाब देंगी और भाजपा को समर्थन देंगी।

मंत्री ने दोहराया कि भारतीय जनता पार्टी संसद और विधानसभाओं में महिलाओं को एक-तिहाई आरक्षण देने के अपने संकल्प पर पूरी तरह अडिग है और इसे लागू करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

इस अवसर पर बड़ी संख्या में भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में संगठनात्मक मजबूती और महिला सशक्तिकरण पर भी चर्चा की गई।