अवैध शराब के खिलाफ सघन अभियान बाजपुर में बड़ी कार्रवाई

अवैध शराब के खिलाफ सघन अभियान बाजपुर में बड़ी कार्रवाई

स्थान : बाज़पुर
रिपोर्टर : विशेष शर्मा

आबकारी आयुक्त के आदेश पर अवैध मादक पदार्थों के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष सघन प्रवर्तन अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की गई।

अपराध निरोध क्षेत्र-4 बाजपुर में आबकारी विभाग की टीम ने मड़ैया हट्टू क्षेत्र में अचानक दबिश दी। इस कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया।

छापेमारी के दौरान मौके से लगभग 25 लीटर कच्ची शराब बरामद की गई। इसके साथ ही नाले के किनारे बनाई गई एक अवैध भट्टी को भी मौके पर ध्वस्त किया गया।

टीम ने कार्रवाई के दौरान चार अलग-अलग गड्ढों में छिपाकर रखे गए करीब 4000 किलोग्राम लहन को भी नष्ट कर दिया। अधिकारियों के अनुसार यह लहन कच्ची शराब बनाने के लिए तैयार किया जा रहा था।

मामले में धारा 60 आबकारी अधिनियम के तहत एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ अभियोग पंजीकृत किया गया है। आगे की जांच की कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है।

आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के निर्माण और बिक्री पर पूरी तरह रोक लगाने के लिए ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे।

इस कार्रवाई में आबकारी निरीक्षक महेंद्र सिंह बिष्ट के नेतृत्व में टीम शामिल रही। टीम में प्रधान आबकारी सिपाही पवन कुमार कम्बोज, आबकारी सिपाही रेनुका बोरा, वंदना घिल्डियाल और अर्चना यादव मौजूद रहीं।

विभाग ने लोगों से अपील की है कि अवैध शराब से जुड़ी किसी भी गतिविधि की सूचना तुरंत प्रशासन को दें, ताकि क्षेत्र में कानून व्यवस्था और जनस्वास्थ्य को सुरक्षित रखा जा सके।