

स्थान : ऋषिकेश
ब्यरो रिपोर्ट

आगामी चारधाम यात्रा को लेकर उत्तराखंड पुलिस ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और भीड़ नियंत्रण को सुचारू बनाए रखने के लिए पुलिस बल की तैनाती प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।


ऋषिकेश के क्षेत्राधिकारी नीरज सेमवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि चारधाम यात्रा को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए उच्च स्तर पर लगातार बैठकें की जा रही हैं। सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ तैयारियों में जुटे हुए हैं।


उन्होंने बताया कि हाल ही में आईजी लॉ एंड ऑर्डर, एसएसपी देहरादून और जिलाधिकारी देहरादून द्वारा यात्रा व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की गई है। इसके साथ ही गढ़वाल कमिश्नर द्वारा भी तैयारियों का जायजा लेने के लिए महत्वपूर्ण बैठकें आयोजित की गई हैं।


सीओ नीरज सेमवाल ने कहा कि यात्रा मार्गों पर सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन को लेकर किसी भी तरह की कमी नहीं रहने दी जाएगी। आवश्यक पुलिस बल की मांग उच्चाधिकारियों को भेज दी गई है और तैनाती की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।

उन्होंने यह भी बताया कि जैसे-जैसे यात्रा अपने चरम पर पहुंचेगी और श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ेगी, उसी के अनुसार अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी ताकि व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में रहे।


प्रशासन का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े और यात्रा शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित रूप से संपन्न हो।


पुलिस प्रशासन ने ऋषिकेश को चारधाम यात्रा का मुख्य प्रवेश और पड़ाव मानते हुए यहां विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। यातायात व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा को लेकर विशेष प्लान तैयार किया जा रहा है।


