

स्थान : हल्द्वानी
रिपोर्टर : संजय जोशी

बागजाला क्षेत्र में प्रभारी मंत्री खजान दास की मौजूदगी में आयोजित जिला योजना समिति की बैठक उस समय चर्चा में आ गई जब वरिष्ठ भाजपा विधायक बंशीधर भगत ने अपने ही अंदाज में सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए।


बैठक के दौरान विधायक भगत ने जल जीवन मिशन की कार्य प्रणाली, पेयजल संकट और हल्द्वानी शहर की बदहाल सड़कों को लेकर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में जमीनी स्तर पर गंभीर खामियां हैं, जिनका खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है।

उन्होंने शहर की गलियों में खुदी पड़ी सड़कों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि इससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही उन्होंने पेयजल संकट को लेकर भी प्रशासन और संबंधित विभागों की कार्यशैली पर सवाल उठाए।

अपने चिर-परिचित अंदाज में उन्होंने यहां तक कह दिया कि “2027 में मुश्किल हो जाएगी, मोदी जी, मोदी जी कहकर ही सब नहीं चलेगा,” जिससे बैठक में मौजूद अधिकारी और जनप्रतिनिधि भी कुछ समय के लिए असहज नजर आए।

विधायक के इस बयान ने बैठक के माहौल को राजनीतिक रंग दे दिया और यह चर्चा का विषय बन गया। बैठक में मौजूद अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी विभिन्न विकास कार्यों को लेकर अपनी-अपनी बात रखी।

इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो और बयान अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जहां लोग इस पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।

कई लोग इसे एक वरिष्ठ नेता की बेबाक राय बता रहे हैं, जबकि कुछ इसे पार्टी के भीतर असंतोष के संकेत के रूप में देख रहे हैं। सोशल मीडिया पर यह बयान लगातार ट्रेंड कर रहा है।

फिलहाल प्रशासन और संबंधित विभागों ने उठाए गए मुद्दों पर संज्ञान लेने की बात कही है, वहीं राजनीतिक हलकों में विधायक के इस बयान को लेकर चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।

