

स्थान : नैनीताल
ब्यूरो रिपोर्ट

सरोवर नगरी से करीब 22 किलोमीटर दूर भीमताल में एक युवक पर पहचान छुपाकर युवतियों के साथ शारीरिक व मानसिक शोषण करने के आरोपों को लेकर गुरुवार को बड़ा विरोध प्रदर्शन देखने को मिला। मामले को लेकर स्थानीय व्यापारियों और विभिन्न संगठनों में आक्रोश फैल गया।


आरोप है कि युवक ने अपनी पहचान छुपाकर कई युवतियों के साथ संबंध बनाए और उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित किया। इस घटना के विरोध में व्यापारियों ने अपनी-अपनी दुकानें बंद कर दीं और बड़ी संख्या में लोग सड़क पर उतर आए।

प्रदर्शनकारियों ने हिंदू संगठनों और स्थानीय लोगों के साथ मिलकर थाने का घेराव किया और जमकर नारेबाजी करते हुए आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग उठाई। इस दौरान माहौल काफी देर तक तनावपूर्ण बना रहा।

प्रदर्शन के दौरान लोगों ने पुलिस प्रशासन पर कार्रवाई में देरी का आरोप लगाते हुए नाराजगी जताई। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि ऐसे मामलों में तुरंत सख्त कार्रवाई होनी चाहिए ताकि पीड़ितों को न्याय मिल सके।

वहीं, मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर स्थिति को शांत करने का प्रयास किया। पुलिस ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

पुलिस प्रशासन ने प्रदर्शनकारियों को आश्वासन दिया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए चार विशेष टीमें गठित कर दी गई हैं, जो अलग-अलग स्थानों पर दबिश दे रही हैं। अधिकारियों ने यह भी कहा कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि निर्धारित समय में ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। हालांकि पुलिस के आश्वासन के बाद स्थिति कुछ हद तक शांत हुई।

इस दौरान प्रदर्शन में भाजपा नेता मनोज भट्ट, व्यापार मंडल अध्यक्ष पंकज जोशी, प्रिंस करायत, कमल देउपा, गोतम मटियाली, शुभम नैनवाल, प्रेम कुल्याल, पारस चंद्रा, प्रकाश आर्या, शरद पांडे, रमन बिष्ट, धन सिंह राणा, मीनाक्षी जोशी, सुनीता पांडे, निधि साह, नीमा नेगी, मदन गिरी, देवेंद्र फर्त्याल और जितेन्द्र चनौतिया सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

