नगर निगम का बड़ा फैसला, अली खान चौक पर लगेगा 135 फीट ऊंचा तिरंगा

नगर निगम का बड़ा फैसला, अली खान चौक पर लगेगा 135 फीट ऊंचा तिरंगा

स्थान : काशीपुर
ब्यूरो रिपोर्ट

नगर। नगर निगम के पार्षदों और अधिकारियों के साथ महापौर दीपक बाली ने आज निर्धारित कार्यक्रम के तहत नगर के अली खान चौक का निरीक्षण किया। इस दौरान स्थानीय लोगों ने महापौर का गर्मजोशी से स्वागत किया।

निरीक्षण के बाद मीडिया से बातचीत में महापौर दीपक बाली ने बताया कि जिस तरह नगर के महाराणा प्रताप चौक पर 135 फीट ऊंचा तिरंगा स्थापित किया गया है, उसी तर्ज पर अब अली खान चौक पर भी 135 फीट ऊंचा तिरंगा लगाया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस प्रस्ताव पर सभी पार्षदों और अधिकारियों ने सहमति जताई है।

महापौर ने बताया कि जल्द ही अली खान चौक पर चबूतरे का निर्माण कर तिरंगा स्थापित किया जाएगा और आगामी 15 अगस्त को इसे भव्य रूप से फहराया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह पहल राष्ट्रीय एकता और देशभक्ति की भावना को और मजबूत करेगी।

इस दौरान मौके पर मौजूद पार्षदों और स्थानीय नागरिकों ने भी महापौर के इस निर्णय का स्वागत किया और इसे ऐतिहासिक कदम बताया। लोगों ने कहा कि इससे नगर की पहचान और गौरव और अधिक बढ़ेगा।

पार्षद अब्दुल कादिर ने बताया कि महापौर ने सभी 40 पार्षदों के साथ बैठक में अली खान चौक पर तिरंगा लगाने का प्रस्ताव रखा था, जिसे सर्वसम्मति से मंजूरी दी गई। उन्होंने कहा कि यह कदम उन लोगों के लिए जवाब है जो इस क्षेत्र की छवि खराब करने की कोशिश कर रहे थे।

उन्होंने आगे कहा कि महापौर की इस पहल से क्षेत्र में सकारात्मक संदेश गया है और लोग इसे खुले दिल से स्वीकार कर रहे हैं। स्थानीय लोगों ने भी इस निर्णय की सराहना करते हुए इसे देशभक्ति की भावना को मजबूत करने वाला कदम बताया।