

स्थान : नैनीताल
ब्यूरो रिपोर्ट

नैनीताल सरोवर नगरी के आलूखेत जंगल क्षेत्र में भीषण वनाग्नि लगने से वन संपदा को भारी नुकसान पहुंचा है। आग इतनी तेज थी कि उसे बुझाने के लिए देर रात तक वनकर्मियों, एसडीआरएफ, और स्थानीय लोगों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।


जानकारी के अनुसार, आग की लपटें तेजी से जंगल में फैल गईं, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। रिहायशी इलाकों की ओर आग बढ़ने की आशंका को देखते हुए राहत और बचाव कार्य और तेज कर दिया गया। हालांकि फायर ब्रिगेड का वाहन मौके तक नहीं पहुंच सका, जिसके चलते मुख्य रूप से वन विभाग के प्रशिक्षित कर्मियों ने मोर्चा संभाला।

वन विभाग के अनुसार, आग पर काफी हद तक काबू पा लिया गया है, लेकिन जंगल का बड़ा हिस्सा प्रभावित हुआ है। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।


स्थानीय लोगों और पर्यावरणविदों ने चिंता जताते हुए कहा कि जैसे-जैसे गर्मी बढ़ेगी, जंगलों में आग लगने की घटनाएं और गंभीर रूप ले सकती हैं। उन्होंने वन विभाग और सरकार से जंगलों की सुरक्षा के लिए ठोस और दीर्घकालिक उपाय करने की मांग की है।
विशेषज्ञों का कहना है कि वनाग्नि से न केवल वन संपदा नष्ट होती है, बल्कि वन्यजीवों के जीवन पर भी गंभीर खतरा पैदा होता है। ऐसे में समय रहते नियंत्रण और रोकथाम की व्यवस्था बेहद जरूरी है।


