

लोकेशन :- लालकुआँ
रिपोर्टर :- मुन्ना अंसारी

मोटाहल्दू स्थित मिनी सिडकुल में मदरसन फैक्ट्री में कर्मचारियों ने वेतन वृद्धि सहित 14 सूत्रीय मांगों को लेकर हड़ताल शुरू कर दी है।


फैक्ट्री में काम करने वाले महिला और पुरुष कर्मचारियों ने श्रम विभाग के नियमों के पालन और वेतन बढ़ोतरी की मांग को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया।


हड़ताल की सूचना मिलते ही प्रशासन ने फैक्ट्री के बाहर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया, जिससे मौके पर स्थिति नियंत्रण में बनी रही। इसके बाद क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे, जिनमें लालकुआँ विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट, उपजिलाधिकारी रेखा कोहली, उप श्रम आयुक्त कमल जोशी और एसपी सिटी मनोज कत्याल शामिल रहे।


अधिकारियों की मौजूदगी में मजदूरों और फैक्ट्री प्रबंधन के बीच वार्ता आयोजित की गई। हालांकि, सैलरी बढ़ोतरी को लेकर हुई मुख्य बातचीत सफल नहीं हो सकी।

वार्ता विफल होने के बाद कुछ कर्मचारी प्रबंधन के आश्वासन से सहमत होकर काम पर लौट गए, लेकिन कर्मचारियों का बड़ा वर्ग अपनी मांगों पर अड़ा रहा।

प्रदर्शन कर रहे मजदूरों ने ऐलान किया है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द ठोस निर्णय नहीं लिया गया तो वे कल से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे।


फिलहाल फैक्ट्री परिसर में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है और प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है।


